एक रन से रोमांचक जीत, सुपीरियर स्पिरिट स्पोर्ट्स अकादमी बनी चैंपियन

 

 

  • चंद्रा ट्रॉफी टी-20 के फाइनल में नेशनल यूथ क्लब को हराया, माधव स्थापक बने मैन ऑफ द मैच

 

कानपुर, 13 फरवरी।

चंद्रा क्रिकेट अकादमी मैदान पर स्पार्क क्लब द्वारा आयोजित चंद्रा ट्रॉफी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला नेशनल यूथ क्लब और सुपीरियर स्पिरिट स्पोर्ट्स अकादमी क्लब के बीच खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले का फैसला अंतिम गेंदों तक चला, जिसमें सुपीरियर स्पिरिट स्पोर्ट्स अकादमी ने एक रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल मुकाबले में नेशनल यूथ क्लब ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपीरियर स्पिरिट स्पोर्ट्स अकादमी क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए। टीम की ओर से सत्य कुमार ने 49 रन और रितेश सिंह ने 27 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

नेशनल यूथ क्लब की ओर से दिव्यांशु पांडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि अभिषेक राय को 2 विकेट मिले।

154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेशनल यूथ क्लब की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया। देवांश स्वरूप ने शानदार 63 रन और रोहित ने 32 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 152 रन ही बना सकी। इस तरह सुपीरियर स्पिरिट स्पोर्ट्स अकादमी ने एक रोमांचक मुकाबले में 1 रन से जीत दर्ज की।

सुपीरियर स्पिरिट स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से माधव स्थापक ने 3 विकेट और नितिन तोमर ने 2 विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए माधव स्थापक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें एसआरएस चंद्र फाउंडेशन के अध्यक्ष महेंद्र वर्मा द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

केसीए चेयरमैन ने दी बधाई

 

फाइनल मुकाबले के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय आनंद उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में कृष्ण दत्त द्विवेदी (प्रबंधक, पीएमजी इंटर कॉलेज), एसआरएस चंद्र फाउंडेशन के चेयरमैन महेंद्र वर्मा, जगदीश वर्मा (मैनेजर, रॉयल अकैडमी) एवं जेएलआर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नंदकुमार यादव मौजूद रहे।

टूर्नामेंट सचिव नीरज वर्मा ने उक्त जानकारी दी।

Leave a Comment