- सुरेन्द्र सिंह यादव स्मारक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच 27 को खेला जाएगा
कानपुर, 25 फरवरी।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं नेशनल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित तृतीय सुरेन्द्र सिंह यादव स्मारक टी-20 आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता फॉर ‘वी-गार्ड ट्रॉफी’ के अंतर्गत बुधवार को कानपुर साउथ मैदान पर खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबले रोमांचक रहे। शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के दम पर के०डी०एम०ए० और कानपुर क्रिकेटर्स ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला के०डी०एम०ए० और कानपुर क्रिकेटर्स के बीच 27 फरवरी को खेला जाएगा।

सुधांशु का नाबाद शतक, के०डी०एम०ए० की शानदार जीत
पहले सेमीफाइनल में के०डी०एम०ए० ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
सुधांशु चौरसिया ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 119 रन नाबाद बनाये, जबकि माही कटियार ने 50 रनों का योगदान दिया। खाण्डेकर क्रिकेट एकेडमी की ओर से दीपांशु सिंह और निखिल यादव ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी खाण्डेकर क्रिकेट एकेडमी की टीम 19.5 ओवर में 161 रन पर सिमट गई। आकाश गौर ने 50 रन बनाए, लेकिन सौरभ सिंह की घातक गेंदबाजी (5 विकेट) ने मैच का रुख पलट दिया। माधव गुप्ता और सतनाम सिंह ने भी 2-2 विकेट हासिल किए।
के०डी०एम०ए० ने मुकाबला 42 रनों से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।

रोमांचक मुकाबले में कानपुर क्रिकेटर्स विजयी
दूसरे सेमीफाइनल में कानपुर साउथ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 135 रन बनाए। प्रथ्वीराज चौहान ने शानदार 77 रन नाबाद बनाए, जबकि उपेन्द्र ने 28 रन जोड़े। कानपुर क्रिकेटर्स की ओर से अशोक कुमार ने 3 तथा अभिनव सिंह ने 2 विकेट लिये।
जवाब में कानपुर क्रिकेटर्स ने कड़ा संघर्ष करते हुए 19.5 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन बनाकर मैच 2 विकेट से जीत लिया। ध्रुव तोमर ने 42 तथा भवानी सिंह ने 24 रनों का योगदान दिया। कानपुर साउथ के आशुतोष पाण्डे ने 3 और नवल कुमार ने 2 विकेट हासिल किये।