साउथ जिमखाना सेमीफाइनल में प्रवेश

 

 

  • अर्पित अवस्थी और राहुल यादव की शानदार पारियों से राइडर्स क्लब को 4 विकेट से हराया

 

कानपुर, 17 दिसम्बर।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध काउण्टी क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित पन्द्रहवीं स्व० के०एस० सक्सेना क्रिकेट प्रतियोगिता में आज कानपुर साउथ मैदान पर खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में साउथ जिमखाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राइडर्स क्लब को 4 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए राइडर्स क्लब ने 35 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए। टीम की ओर से शाश्वत बन्दोह ने 51 रन, लविश श्रीवास्तव और अब्दुल रहमान ने 37-37 रन, अमन सिंह ने 26 रन तथा शिवम पटवा ने नाबाद 30 रन की पारी खेली। साउथ जिमखाना की ओर से अखिलेश यादव ने 46 रन देकर 3 विकेट तथा विकास शर्मा ने 47 रन पर 2 विकेट झटके।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ जिमखाना की टीम ने 34.3 ओवरों में 6 विकेट खोकर 234 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में अर्पित अवस्थी ने 76 रन, राहुल यादव ने 68 रन और अभिनव यादव ने 46 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। राइडर्स क्लब की ओर से अब्दुल रहमान ने 46 रन पर 3 विकेट तथा आदित्य शर्मा ने 26 रन देकर 1 विकेट लिया।

इस मुकाबले में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए राहुल यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। साउथ जिमखाना की इस जीत के साथ ही टीम ने प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।

Leave a Comment