- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और होली के अवसर पर 18 मार्च को होगा विशेष समारोह
- विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को किया जाएगा सम्मानित, छह महिला प्रधानाचार्यों को मिलेगा सम्मान
कानपुर, 13 मार्च।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और होली के उत्सवी माहौल के बीच भारत स्काउट एवं गाइड कानपुर नगर द्वारा 18 मार्च को जिला मुख्यालय स्काउट भवन में रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर स्काउटिंग के माध्यम से बच्चों को जागरूक करने में योगदान देने वाली शहर की छह महिला प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया जाएगा तथा समारोह के अंतर्गत फूलों की होली भी खेली जाएगी।
जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला मुख्यायुक्त श्रीमती दीक्षा जैन के संरक्षण में यू.पी. दिवस माह के दौरान बच्चों के बीच स्काउटिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद जयंती, सुभाष चंद्र बोस जयंती, मतदाता जागरूकता दिवस तथा समाचार पत्रों के प्रति प्रेरणा से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इन प्रतियोगिताओं में नगर के विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे तथा विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। सर्वेश तिवारी ने बताया कि कानपुर में स्काउटिंग गतिविधियों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा प्रादेशिक मुख्यायुक्त एवं पूर्व अध्यक्ष लोक सेवा आयोग डॉ प्रभात कुमार आईएएस से प्राप्त होती रहती है, जिनका मार्गदर्शन समय-समय पर मिलता है।
इस अवसर पर डॉ स्मित तिवारी, श्रीमती रामरानी पालीवाल, श्रीमती सविता यादव, श्रीमती शिखा निगम, श्रीमती जयश्री मठपाल और श्रीमती शुचिता अग्निहोत्री को सम्मानित किया जाएगा।