कानपुर में फिर चटकेगी हॉकी, स्कूल हॉकी लीग का अक्टूबर में होगा आगाज

कानपुर। भारत में हॉकी के स्वर्णिम दिन फिर लौट रहे हैं। ओलंपिक में लंबे अर्से बाद मिले ब्रांज मेडल और हाल में एशियन चैंपियनशिप में मिली जीत ने युवाओं को फिर इस खेल के प्रति आकर्षित किया है। इसी क्रम में अब कानपुर में भी हॉकी को स्कूल लेवल पर प्रोत्साहित करने के लिए अक्टूबर में 8वीं कानपुर स्कूल हॉकी लीग 2023 की शुरुआत होने जा रही है। पालिका स्टेडियम में निशुल्क हॉकी कोचिंग कैंप चलाने वाले पॉल देवेंद्र के अनुसार, हॉकी को स्कूल स्तर पर प्रोत्साहित करने के लिए यह पहल की जा रही है। पहले यह प्रतियोगिता 2019-20 में प्रस्तावित थी, लेकिन कोविड के कारण इसे पोस्टपोन करना पड़ा था। अब फिर से इसकी शुरुआत हो रही है। हालांकि प्रतियोगिता में कितनी टीमें हिस्सा लेंगी, प्रतियोगिता किन मैदानों पर होगी और विजेता टीम को क्या प्राइज मिलेगा, इसकी जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।

पूर्व हॉकी खिलाड़ी पॉल देवेंद्र ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए स्कूलों से अपनी हॉकी टीम तैयार कर आवेदन करने की अपील की है। खेलो कानपुर, खेलो हॉकी की थीम पर उनका इरादा कानपुर में हॉकी के लिए खिलाड़ी तैयार करना है। स्कूल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। पॉल देवेंद्र इससे पहले कानपुर में पहली बार स्कूल ओलंपिक भी करा चुके हैं, जो काफी सफल रहा था।

Leave a Comment