- द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में बी सी ए को 9 विकेट से हराया
- कानपुर साउथ ग्राउंड पर सत्यम यादव और दिव्यांश सिंह की शानदार पारियां
कानपुर, 2 फरवरी।
सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच कानपुर साउथ ग्राउंड में खेला गया, जिसमें सत्यम यादव के नाबाद शतक की बदौलत एस एस क्लब ने बी सी ए को 9 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए बी सी ए की टीम 204 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से गुरविंदर ने 56 रन, धनेश वर्मा ने 40 रन तथा क्षितिज तिवारी ने 31 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में एस एस क्लब की ओर से दिव्यांश सिंह, अमन यादव और लक्ष्य कुमार ने दो-दो विकेट झटके।

205 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस एस क्लब की टीम ने सत्यम यादव (नाबाद 102 रन), दिव्यांश सिंह (नाबाद 52 रन) और अरुण राय (50 रन) की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर मात्र एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बी सी ए की ओर से एकमात्र सफलता विद्युत शुक्ला को मिली।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सत्यम यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार के सी ए के प्रेसिडेंट एस एन सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

इससे पूर्व टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि कानपुर क्लब के स्पोर्ट्स डायरेक्टर संजय गुप्ता एवं के सी ए के प्रेसिडेंट एस एन सिंह द्वारा स्वर्गीय आनंद राव पाटिल की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. अंकित मल्होत्रा ने मुख्य अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर सर्वेश तिवारी, विकास सिंह, प्रमोद पाटिल, पूजा पाटिल, डॉ. अंकित मल्होत्रा, उत्कर्ष मौर्य, सुधीर अवस्थी, विनोद द्विवेदी, हिमांशु शुक्ला, श्रवण शुक्ला, विभूति अवस्थी, संतोष कटियार, आदित्य चौरसिया, रितेश सिंह, ऋषि तिवारी, महेश कटियार, निधि यादव, सौरभ अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
मैच में अंपायर की भूमिका नायाब आलम और धर्मेंद्र सिंह ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य विजय सागर ने किया।