ग्रामीण महिलाओं की कबड्डी प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

 

 

 

  • क्रीड़ा भारती कानपुर प्रांत के आयोजन में गांव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

 

कानपुर, 7 अप्रैल।

क्रीड़ा भारती कानपुर प्रांत द्वारा खंड रास्तपुर, ब्लॉक मैथा में ग्रामीण महिलाओं की कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गांव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उनका उत्साह देखते ही बनता था। कोई भी महिला इस आयोजन से वंचित नहीं रहना चाहती थी।

 

गौरतलब है कि इससे पूर्व भी इसी गांव में क्रीड़ा भारती द्वारा कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा चुका है। पिछले अनुभवों के आधार पर गांव की महिलाएं इस बार भी आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रही थीं। प्रतियोगिता का सबसे विशेष आकर्षण 70 वर्ष की महिला रहीं, जिन्होंने एक बार फिर पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर सभी को प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीड़ा भारती की अखिल भारतीय सह मंत्री भारती ताई द्वारा खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर एवं टॉस कराकर किया गया। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों का उत्साह और रोमांच चरम पर रहा।

इस अवसर पर क्षेत्र संयोजक रजत दीक्षित, प्रांत मंत्री नीतू कटियार, मातृ शक्ति प्रमुख डॉ. सुलोचना, जिला मातृ शक्ति प्रमुख सविता सहित सुचिता एवं ज्योति समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment