- 110 खिलाड़ियों की भागीदारी, काशवी गुप्ता ने सीनियर खिलाड़ी को हराकर किया बड़ा उलटफेर
- विभिन्न आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबले; विजेताओं को नगद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल से सम्मानित किया गया
कानपुर, 24 मार्च।
कानपुर चेस एसोसिएशन और ईसीएमएमसीए संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आवास विकास, अंबेडकरपुरम में ₹10,000 नगद पुरस्कार राशि की प्रथम रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सात राउंड तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के कुल 110 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
ओपन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऋषभ निषाद ने 6.5 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। उन्हें ₹2100 नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं शशांक श्रीवास्तव (6.5 अंक) दूसरे स्थान पर रहे, जिन्हें ₹1500 नगद पुरस्कार मिला, जबकि सत्येंद्र सिंह 6 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें ₹1000 का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान चौथे राउंड में कु. काशवी गुप्ता ने सफेद मोहरों से खेलते हुए सीनियर खिलाड़ी सत्येंद्र सिंह को हराकर बड़ा उलटफेर किया, जो प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण रहा। काशवी गुप्ता ने ‘टॉप गर्ल’ कैटेगरी में भी 5 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
आयु वर्ग प्रतियोगिताओं में अंडर-13 में अर्नव गुप्ता, अंडर-11 में शिवांश राठौर, अंडर-9 में अधिराज राठौर, अंडर-7 में एलिस गोस्वामी और सीनियर 50 वर्ग में जफर मोहम्मद ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बेस्ट सीनियर महिला वर्ग में कविता अग्रवाल और कृष्णा गोस्वामी को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के समापन पर ओपन वर्ग के शीर्ष 10 खिलाड़ियों को आयोजक अनुराग निषाद और आदित्य द्वारा पुरस्कृत किया गया। कैटेगरी विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल से सम्मानित करने का कार्य एनएस पैलेस के संचालक सौरभ श्रीवास्तव और कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने किया।
प्रतियोगिता का संचालन चीफ आर्बिटर श्रीमती कुसुम शर्मा एवं सहायक आर्बिटर कमल खेमानी ने सफलतापूर्वक किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों और आयोजकों ने संतोष व्यक्त किया।