- कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सानिध्य में 14वीं लीग का आयोजन, नए नियम से अधिक खिलाड़ियों को मिलेगा अवसर
- 10 अप्रैल से शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
- केसीए से पंजीकृत खिलाड़ी भी अब ले सकेंगे भाग
- प्रदेश के साथ अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी दिखाएंगे प्रतिभा
कानपुर, 09 अप्रैल।
कानपुर में क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 10 अप्रैल से प्रारंभ हो गई है। यह प्रतियोगिता कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सानिध्य में जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित की जा रही है, जो प्रदेश में जूनियर क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती है।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 5 मई तक जारी रहेगी और इच्छुक खिलाड़ी संस्था की आधिकारिक वेबसाइट www.jntorganization.com के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोजकों का कहना है कि इस लीग के माध्यम से उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

संस्था के सचिव संजय शुक्ला और चेयरमैन के.सी. के अनुसार, इस वर्ष प्रतियोगिता के नियमों में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। संजय कपूर के निर्देशन में अब वे खिलाड़ी भी इस लीग में भाग ले सकेंगे, जो कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) से पंजीकृत हैं और अंडर-12 आयु वर्ग में आते हैं। पहले के नियमों के अनुसार, केसीए में पंजीकृत खिलाड़ियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं थी, लेकिन अब इस प्रतिबंध को समाप्त कर दिया गया है।
इस बदलाव से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मंच मिलेगा और प्रतिस्पर्धा का स्तर भी बेहतर होगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस निर्णय से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की संख्या में वृद्धि होगी और उन्हें अपने कौशल को निखारने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
विदित हो कि जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी हिस्सा लेते हैं। यही कारण है कि यह प्रतियोगिता बाल क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच बन चुकी है, जहां से कई खिलाड़ी आगे बढ़कर उच्च स्तर तक पहुंचने में सफल रहे हैं।
आयोजन समिति ने सभी इच्छुक खिलाड़ियों और अभिभावकों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि वे इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकें।