- अंतर पब्लिक स्कूल आमंत्रण बेंच प्रेस प्रतियोगिता 2025 का आगाज
- पूर्णचंद्र जिम में शहर के 15 स्कूलों के खिलाड़ी उतरे मैदान में
कानपुर, 29 अगस्त।
पूर्णचंद्र जिम में दो दिवसीय अंतर पब्लिक स्कूल आमंत्रण बेंच प्रेस प्रतियोगिता 2025 की शुरुआत हुई। इस प्रतियोगिता में शहर के 15 स्कूलों के खिलाड़ी दमखम दिखा रहे हैं। उद्घाटन प्रधानाचार्य राकेश उपाध्याय ने किया। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया और खेलों में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
पहले दिन हुए चार भार वर्गों के मुकाबले
प्रतियोगिता में कुल आठ भार वर्ग रखे गए हैं। पहले दिन चार भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
40 किलो भार वर्ग : युवराज (पूर्णचंद्र विद्या निकेतन) ने 55 किलो वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रुद्रवीर (दून स्कूल) द्वितीय और लक्ष्य चौधरी (पूर्णचंद्र) तृतीय स्थान पर रहे।
53 किलो भार वर्ग : कार्तिकेय (पूर्णचंद्र) ने 60.361 किलो वजन उठाकर पहला स्थान जीता। सर्वर गुप्ता दूसरे और जतिन (श्रीराम पनकी) तीसरे स्थान पर रहे।
59 किलो भार वर्ग : दानिश खान (ऑक्सफोर्ड स्कूल) ने 92.500 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। अक्षय कश्यप (गुरुनानक स्कूल) दूसरे और तेजस तिवारी तीसरे स्थान पर रहे।
66 किलो भार वर्ग : तनवीर खान ने 95 किलो वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कल होगा फाइनल और पुरस्कार वितरण
कल सुबह 8:30 बजे से शेष भार वर्गों की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके उपरांत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संघ के राजेश पाल, मृदुल अग्रवाल, अशरफ, संजय पाल, मोतीलाल भाखर, संदीप निगम और धीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।