प्रणय गोयल, आरव सोनी और उन्मुक्त ठाकुर अगले दौर में

 

 

 

  • कानपुर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य आगाज
  • ग्रीन पार्क में तीन दिवसीय प्रतियोगिता 10 से 12 अप्रैल तक, पहले दिन दिखा रोमांच

 

कानपुर, 10 अप्रैल।

कानपुर टेबल टेनिस संघ द्वारा आयोजित वर्ष की पहली जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को ग्रीन पार्क में हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। अंडर-11 बालक वर्ग में प्रणय गोयल, आरव सोनी और उन्मुक्त ठाकुर ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं अंडर-13 बालिका वर्ग में भाव्या सिंह, देवीना मीणा, अनन्या वर्मा और नाविका वाजपेई ने शानदार प्रदर्शन किया।

अंडर-13 बालक वर्ग में दुर्वांक, विराट गुप्ता, शौर्य वीर, शुभ और ईशान अग्रवाल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर अगले चरण में जगह बनाई। खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में जोश, कौशल और प्रतिस्पर्धा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें शहर के बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-13, 15, 17 और 19 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीप्रकाश पाल (क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड), संजीव पाठक (अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ) एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर रघुनंदन भदौरिया (पूर्व विधायक), अजय गुप्ता, अजय भाटिया, गीता टंडन कपूर, संजय टंडन (सचिव), सुनील सिंह (संयुक्त सचिव) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के अगले मुकाबले शनिवार सुबह 10 बजे से खेले जाएंगे, जिसमें और भी कड़े मुकाबले होने की उम्मीद है।

Leave a Comment