टीएसएच में पिकलबॉल डे की धूम, एक लाख की इनामी राशि ने बढ़ाया रोमांच

 

 

 

  • मुंबई से आए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं रेफरी वैभव वावडे की मौजूदगी में पुरुष, महिला और युवा वर्ग के मुकाबले बने आकर्षण का केंद्र
  • द स्पोर्ट्स हब की पहल से कानपुर में पिकलबॉल को मिली नई पहचान, रोमांचक मैचों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

कानपुर, 17 फरवरी।

The Sports Hub (टीएसएच) में 15 फरवरी को आयोजित पिकलबॉल डे इस बार भव्यता, उत्साह और प्रतिस्पर्धा के नए आयाम लेकर आया। प्रदेश में पहली बार पिकलबॉल प्रतियोगिता में एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को प्रदान की गई, जिसने इस आयोजन को विशेष बना दिया। इतनी बड़ी इनामी राशि ने खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश भर दिया और पूरे दिन मुकाबले बेहद रोमांचक बने रहे।

आयोजन स्थल पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों और युवा खिलाड़ियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण उत्सव जैसा दिखाई दिया। प्रतियोगिता का आयोजन “अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व” की थीम पर किया गया, जिसका उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव देना था। कानपुर में पिकलबॉल के बढ़ते प्रभाव के बीच यह आयोजन खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

इस अवसर पर मुंबई से आए अंतरराष्ट्रीय पिकलबॉल खिलाड़ी एवं प्रमाणित रेफरी Vaibhav Wavde मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वे देश के अग्रणी पिकलबॉल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने एशियाई प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई है। खिलाड़ी के साथ-साथ रेफरी के रूप में भी उनका अनुभव प्रतियोगिता की गरिमा को बढ़ाने वाला रहा।

अपने संबोधन में वैभव वावडे ने कहा कि पिकलबॉल तेजी से उभरता हुआ खेल है और यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन व अवसर मिलें तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने टीएसएच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को नई प्रेरणा और आत्मविश्वास देगी।

पुरुष युगल वर्ग में कार्तिके गर्ग और राघव भाटिया ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सत्यन अरोड़ा और ध्रुव मलिक ने रजत पदक जीता, जबकि दिव्य तुलसानी–विमान्यु अग्रवाल तथा अमल गुप्ता–एकांश मित्तल की जोड़ियों को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

महिला युगल वर्ग में इशिता कनोडिया और राशिका अग्रवाल की जोड़ी ने बेहतरीन रणनीति और संयमित खेल के दम पर स्वर्ण पदक हासिल किया। निधी कनोडिया और अनुभूति गुप्ता को रजत पदक मिला, जबकि माला सिंह और सीमा सक्सेना ने कांस्य पदक जीता।

युवा वर्ग (एकल) मुकाबलों में कार्तिके गर्ग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। मनू भरतिया को रजत पदक मिला, जबकि दिव्य तुल्स्यान और हरजस सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर फिटनेस, संतुलन, रणनीति और खेल भावना का परिचय दिया। कई मुकाबले अंतिम अंकों तक संघर्षपूर्ण रहे, जिससे दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। आयोजन समिति द्वारा विजेताओं को पदक एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Leave a Comment