एक कदम प्रभु श्री राम के नाम : रन फॉर राम में उमड़ा जनसैलाब

 

 

 

 

  • छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में 835 प्रतिभागियों की जोशीली भागीदारी, स्वास्थ्य व राष्ट्रभाव का संदेश

 

कानपुर, 14 फरवरी।

क्रीड़ा भारती कानपुर महानगर द्वारा “एक कदम प्रभु श्री राम के नाम” संकल्प के साथ आयोजित भव्य रन फॉर राम कार्यक्रम का आयोजन क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रभाव के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 835 पंजीकृत प्रतिभागियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के माननीय कैबिनेट मंत्री राकेश सचान रहे। शुभारंभ खेल गीत की प्रेरणादायी प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात आदियोगी योगा ग्रुप एवं विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा दीप योग के माध्यम से प्रभु श्री राम स्तुति प्रस्तुत की गई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। विशेष रूप से दिव्यांगजनों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को समावेशी और प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया।

🏅 विजेताओं को मिला नगद पुरस्कार

प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता खिलाड़ियों को क्रमशः प्रथम पुरस्कार ₹5000, द्वितीय पुरस्कार ₹3000 तथा तृतीय पुरस्कार ₹2000 नगद प्रदान किए गए।

पुरुष वर्ग में

हसनैन रजा – प्रथम स्थान

रौनक गौतम – द्वितीय स्थान

प्रिंस कश्यप – तृतीय स्थान

महिला वर्ग में

जैनब फातिमा – प्रथम स्थान

कीर्ति कमल – द्वितीय स्थान

टीना – तृतीय स्थान

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की प्रबंधक श्रीमती सुरभि भदौरिया एवं राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत व्यवस्था प्रमुख श्रीमती जूही मांगलिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर क्रीड़ा भारती कानपुर के अध्यक्ष राजुल खन्ना, मंत्री श्याम मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन वीरेंद्र त्रिपाठी ने किया तथा आभार ज्ञापन मंत्री श्याम मिश्रा द्वारा व्यक्त किया गया।

युवाओं को मिला स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों से जुड़ने तथा समाज में सकारात्मकता और राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। उपस्थित जनों ने इसे समाज में जागरूकता, एकता और ऊर्जा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

Leave a Comment