- 7वीं नेशनल मास्टर्स गेम्स 2025 में डार्ट और तीरंदाजी में हासिल की सफलता
- 50 मीटर कंपाउंड तीरंदाजी में शैलेश ने जीता स्वर्ण, महेंद्र प्रताप को रजत पदक
- नेशनल रैंकिंग डार्ट प्रतियोगिता के लिए देशभर से चुने गए 12 खिलाड़ियों में शैलेश शामिल
कानपुर। धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश)। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित इंडोर स्टेडियम में चल रही 7वीं नेशनल मास्टर्स गेम्स 2025 में कानपुर के सनिगवा निवासी शैलेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डार्ट और तीरंदाजी खेलों में अपने आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
विशेष रूप से, तीरंदाजी में शैलेश कुमार ने 50 मीटर दूरी पर कंपाउंड धनुष वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
वहीं, कानपुर के ही पाली ग्राम निवासी महेंद्र प्रताप सिंह ने तीरंदाजी में रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। 65 वर्ष आयु वर्ग में ज़मीर अहमद ने भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्राप्त पदकों के आधार पर अब दीघा (बंगाल) में होने वाली नेशनल रैंकिंग डार्ट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देशभर से 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिसमें कानपुर के शैलेश कुमार भी शामिल हैं।
डार्ट प्रतियोगिता का सफल संचालन हिमाचल प्रदेश के श्री सर्धिया जी के निर्देशन और उत्तर प्रदेश की डार्ट खेल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी महिमा गौतम के तकनीकी सहयोग से किया गया।
मास्टर खेलों के निर्देशक श्री विनोद कुमार जी और उत्तर प्रदेश मास्टर खेल संघ के अध्यक्ष श्री दिनेश जेसवाल जी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।