- किराया होगा सबसे कम, 50 करोड़ से शुरू होगा पुनर्विकास; टी-20, वनडे और आईपीएल मैचों की वापसी तय
कानपुर, 25 फरवरी।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर का ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश सरकार ने खेल बजट में 350 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिसमें ग्रीन पार्क के पुनर्विकास के लिए 50 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। पहले चरण में 45 करोड़ रुपये आवंटित कर धनराशि जारी भी कर दी गई है।
साथ ही स्टेडियम का किराया कम करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही ग्रीन पार्क प्रदेश का सबसे कम किराया वाला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बन जाएगा। इससे टी-20, वनडे, आईपीएल और यूपी टी-20 लीग जैसे बड़े टूर्नामेंटों के आयोजन का रास्ता साफ होगा।
सांसद और मंडलायुक्त ने किया संयुक्त निरीक्षण
बुधवार को कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी और मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने स्टेडियम का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मैदान की मौजूदा खामियों, जर्जर दीर्घाओं, ड्रेनेज सिस्टम की कमियों और रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया गया।
सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस विषय पर चार बार मुलाकात कर ग्रीन पार्क के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि राज्य बजट में खेल विकास के लिए 350 करोड़ रुपये आवंटित किए गए, जिसमें से 45 करोड़ रुपये ग्रीन पार्क के लिए जारी हुए हैं।
दर्शक क्षमता बढ़ेगी, बनेगा ऑल-वेदर स्टेडियम
वर्तमान में स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 27,400 है, जिसे बढ़ाकर 50,000 तक करने की योजना है। पहले चरण में नए प्लेयर्स पवेलियन, अत्याधुनिक मीडिया सेंटर, उन्नत ड्रेनेज सिस्टम और बुनियादी ढांचे के विकास का कार्य किया जाएगा।
जर्जर सी-स्टॉल और बी-जनरल स्टैंड को हटाकर नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्नत ड्रेनेज व्यवस्था के बाद स्टेडियम ‘ऑल-वेदर’ बनेगा, जिससे किसी भी मौसम में मैच आयोजित किए जा सकेंगे।
सांसद का संकल्प: “ग्रीन पार्क की शान रहेगी बरकरार”
सांसद ने कहा, “जब मैं सांसद बना तो सबसे पहले ग्रीन पार्क का निरीक्षण किया। वहां की स्थिति देखकर दुख हुआ। मैंने तय किया कि कानपुर में अंतरराष्ट्रीय मैच जरूर कराए जाएंगे। ग्रीन पार्क पूरे देश की विरासत है। इसे संवारना हमारी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा में भी इस मुद्दे को उठाया गया था और शहर के हर क्रिकेट प्रेमी का इस मैदान से भावनात्मक जुड़ाव है।
खेल के साथ अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा बल
स्टेडियम के पुनर्विकास से न केवल क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। किराया कम होने से आयोजकों को राहत मिलेगी और मैचों की संख्या में इजाफा होगा।
क्रिकेट प्रेमियों को अब उस दिन का इंतजार है, जब ग्रीन पार्क एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की रोशनी में जगमगाएगा।
