कानपुर की गौरी भदौरिया का राष्ट्रीय तीरंदाजी में परचम

 

 

  • SGFI नेशनल गेम्स के लिए चयन, यूपी की एकमात्र रिकर्व गर्ल आर्चर

कानपुर, 3 जनवरी

साउथ सिटी पब्लिक स्कूल, नौबस्ता की प्रतिभाशाली छात्रा गौरी भदौरिया ने तीरंदाजी के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर न केवल विद्यालय और जनपद बल्कि प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

गौरी ने सितंबर 2025 में आयोजित CISCE राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इसी उल्लेखनीय उपलब्धि के आधार पर उनका चयन School Games Federation of India (SGFI) की राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

SGFI की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक Ranchi (झारखंड) में आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि गौरी भदौरिया उत्तर प्रदेश से एकमात्र रिकर्व गर्ल आर्चर हैं, जो इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

गौरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर साउथ सिटी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती कविता खन्ना ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि गौरी की मेहनत, अनुशासन और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने गौरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों अभिषेक, दिनेश कुशवाहा एवं दीपक ने भी गौरी को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय की हेड ऑफ डिपार्टमेंट कल्पना जी ने इसे पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया।

अब कानपुर समेत पूरे प्रदेश को इस होनहार खिलाड़ी से SGFI राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पदक जीतने की प्रबल उम्मीद है।

Leave a Comment