- सुरेन्द्र सिंह यादव स्मारक टी-20 प्रतियोगिता के क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में रोमांच
कानपुर 24 फरवरी।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं नेशनल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित तृतीय सुरेन्द्र सिंह यादव स्मारक टी-20 आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत कानपुर साउथ मैदान पर खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में कानपुर साउथ एवं खाण्डेकर क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहला क्वार्टरफाइनल
कानपुर साउथ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 98 रन बनाए। रौनक सिंह ने 30 रन तथा जेबान अंसारी ने 21 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में ओलम्पिक रजि० के आदित्य दीक्षित ने 2 विकेट तथा मनीष यादव ने 2 विकेट हासिल किए।
जवाब में ओलम्पिक रजि० की पूरी टीम 19.3 ओवर में 92 रन पर सिमट गई। आंजनेय सूर्यवंशी ने 36 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। कानपुर साउथ के आशुतोष पाण्डे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच का रुख पलट दिया। सद्दाम हुसैन ने 2 विकेट लिये। कानपुर साउथ ने यह मुकाबला 6 रनों से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

दूसरा क्वार्टरफाइनल
खाण्डेकर क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बनाए। मुकुल यादव ने 51 रन, राहुल सिंह ने 35 रन, हर्षित सिंह ने 25 एवं ब्रजेन्द्र ने 24 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। रोवर्स क्लब की ओर से राहुल यादव ने 3 विकेट, जय शुक्ला ने 2 तथा अनमोल पाण्डे ने 2 विकेट प्राप्त किये।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रोवर्स क्लब 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन ही बना सका। आयुप (25) एवं देवांश चतुर्वेदी (नाबाद 24) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। खाण्डेकर क्रिकेट एकेडमी की ओर से राहुल सिंह ने 3 विकेट, हिमांशु ने 2 तथा दीपांशु सिंह ने 2 विकेट लेकर टीम को 28 रनों से जीत दिलाई।