द्वितीय यूपी डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप में कानपुर व मेरठ की टीमों की शानदार जीत

 

 

  • क्राइस्ट चर्च कॉलेज ग्राउंड में विधायक अमिताभ बाजपेई ने किया उद्घाटन, रोमांचक मुकाबलों से हुई शुरुआत
  • मेरठ ने पहले बल्लेबाजी कर बनाए 119 रन, देवरिया को मिली हार, कानपुर ने गाजियाबाद को 10 ओवर में हराया
  • प्रतियोगिता से होगा यूपी टीम का चयन, नेशनल में मिलेगा मौका

 

कानपुर, 11 अप्रैल।

क्राइस्ट चर्च कॉलेज ग्राउंड में आयोजित द्वितीय उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप का शुभारंभ 11 अप्रैल को माननीय विधायक अमिताभ बाजपेई द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के साथ ही प्रतियोगिता की शुरुआत रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई, जिसमें कानपुर और मेरठ की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की।

उद्घाटन मैच में देवरिया ने टॉस जीतकर मेरठ को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मेरठ की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 119/6 रन बनाए, जिसमें शौर्य माथुर ने 28 और महेश ने 27 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवरिया की टीम 15 ओवरों में 100 रन ही बना सकी और मैच हार गई।

दूसरे मुकाबले में कानपुर ने टॉस जीतकर गाजियाबाद को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। गाजियाबाद की पूरी टीम 89 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में कानपुर की टीम ने मात्र 10 ओवरों में 90 रन बनाकर आसानी से मैच जीत लिया।

इस प्रतियोगिता में देवरिया, कानपुर, गाजियाबाद और मेरठ की टीमें भाग ले रही हैं, जबकि लखनऊ, उन्नाव, गोरखपुर, अमेठी, फैजाबाद और अलीगढ़ से खिलाड़ी ट्रायल के लिए पहुंचे हैं। आयोजन सचिव शालिनी श्रीवास्तव के अनुसार, इसी प्रतियोगिता के आधार पर उत्तर प्रदेश टीम का चयन किया जाएगा, जो अक्टूबर में केरल में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।

इस अवसर पर राहुल निगम, सौरभ श्रीवास्तव, अनिल कपूर और डॉ. अभिषेक बाजपेई सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment