- कक्षा 12 के छात्र अभिषेक कुशवाहा 12 से 15 अक्टूबर तक कुरुक्षेत्र, हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे
- विद्यालय में प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने किया ट्रैकसूट भेंट कर सम्मान, अभिषेक कुशवाहा का पिछले वर्षों में भी रहा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन
कानपुर, 11 अक्टूबर।
जय नारायण विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज, विकास नगर के कक्षा 12 के छात्र अभिषेक कुशवाहा का चयन विद्या भारती राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 12 से 15 अक्टूबर 2025 तक गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में आयोजित की जाएगी।
विद्यालय में इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी, उप-प्रधानाचार्य डॉ. नमिता गुप्ता, खेल प्रशिक्षक आशुतोष सत्यम झा और सुशील कुमार शुक्ला ने अभिषेक को ट्रैकसूट भेंट कर सम्मानित किया और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी।
अभिषेक कुशवाहा इससे पूर्व भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2024 में एसजीएफआई (School Games Federation of India) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उन्होंने भाग लिया। इसके अलावा, वर्ष 2023 में बांसवाड़ा, राजस्थान में आयोजित विद्या भारती राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।
विद्यालय परिवार ने अभिषेक के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन की कामना की है।