- अण्डर-13 इंटर क्रिकेट एकेडमी लीग में युवा खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
- वीर सिंह और युवराज सिंह बने मैच के हीरो, गेंदबाजों ने दिलाई निर्णायक बढ़त
कानपुर 21 फरवरी।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित प्रथम सुनील तिवारी स्मारक अण्डर-13 इंटर क्रिकेट एकेडमी लीग में खेले गये मुकाबलों में के०डी०एम०ए० क्रिकेट एकेडमी एवं क्रिक आई-टी क्रिकेट एकेडमी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दोनों मैचों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने संतुलित खेल दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर दिया।
के०डी०एम०ए० क्रिकेट एकेडमी 6 विकेट से विजयी
कानपुर साउथ-बी मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए कपिल क्रिकेट एकेडमी की टीम 33.4 ओवरों में 142 रन पर सिमट गई। आरव (30), उन्मुक्त सिंह (25) और प्रिन्स (22) ने उपयोगी पारियां खेलीं। गेंदबाजी में माधव गुप्ता और अमृत सचान ने 3-3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को झकझोर दिया, जबकि दक्ष राज को 2 विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करते हुए के०डी०एम०ए० क्रिकेट एकेडमी ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। तनुपा अवस्थी ने 50 रन बनाए, जबकि वीर सिंह ने नाबाद 73 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को 31.5 ओवर में 4 विकेट पर 143 रन तक पहुंचाते हुए 6 विकेट से जीत दिलाई। वीर सिंह को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
क्रिक आई-टी क्रिकेट एकेडमी 40 रन से विजयी
गुरू गोविन्द सिंह मैदान पर क्रिक आई-टी क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में 158 रन बनाए। देव दुबे (25), संकल्प पासवान (24) एवं शिवांश कुमार सिंह (20) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजी में आदित्य यादव, विकास द्विवेदी और अर्थव जायसवाल ने 2-2 विकेट हासिल किए।
जवाब में हेलीजर बॉर्डर क्रिकेट एकेडमी की टीम 27.3 ओवरों में 118 रन पर ऑल आउट हो गई। उत्कर्ष मिश्रा ने 46 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन युवराज सिंह (3 विकेट), सम्राट सिंह चन्देल (3 विकेट) और कुबेर तिवारी (2 विकेट) की घातक गेंदबाजी के सामने टीम टिक नहीं सकी। क्रिक आई-टी क्रिकेट एकेडमी ने मुकाबला 40 रन से जीत लिया। युवराज सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।