- आईआईटी चेस क्लब–SBI/GIC के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय प्रतियोगिता, देश-विदेश के दिग्गज खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, 384 खिलाड़ियों की दमदार भागीदारी
कानपुर, 6 फरवरी।
आईआईटी कानपुर कैंपस में आज 7 फरवरी को ₹2 लाख कैश मनी वाली एकदिवसीय फिडे रेटेड ओपन शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन आईआईटी चेस क्लब द्वारा एसबीआई एवं जीआईसी के सहयोग से किया जा रहा है। इसे उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं कानपुर चेस एसोसिएशन द्वारा संचालित किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में अब तक कुल 384 खिलाड़ियों ने प्रविष्टि कराई है, जिनमें 289 पुरुष एवं 95 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मैदान में
प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कई शीर्ष शतरंज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें
1 FIDE Master (FM), 2 International Masters (IM), 3 AGM, 2 CM, 2 AIM, 3 ACM एवं 5 AFM प्रमुख रूप से शामिल हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
₹2 लाख के पुरस्कार, 16 कैटेगरी में सम्मान
₹2,00,000 की कुल इनामी राशि वाली इस प्रतियोगिता में
प्रथम पुरस्कार: ₹40,000
द्वितीय पुरस्कार: ₹25,000
तृतीय पुरस्कार: ₹15,000
दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 16 कैटेगरी, 15 आयु वर्ग एवं वेटरन खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण समारोह शाम 6 बजे आयोजित होगा।
अनुभवी आर्बिटर्स संभालेंगे जिम्मेदारी
प्रतियोगिता की चीफ आर्बिटर कविता पटेल होंगी। डिप्टी आर्बिटर के रूप में आनंद सिंह एवं आदित्य द्विवेदी जिम्मेदारी निभाएंगे। सीनियर नेशनल आर्बिटर के रूप में श्रीमती कुसुम शर्मा, जितेंद्र सिंह एवं गौरव गर्ग सहित कुल 10 ऑफिशियल्स प्रतियोगिता का संचालन करेंगे।
आयोजन टीम ने दी जानकारी
इस प्रतियोगिता के आयोजन में चेस क्लब के कोऑर्डिनेटर कुशाग्र शुक्ला, तन्मय सहारे, अक्षत श्रीवास्तव एवं पुलकित सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह जानकारी कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने दी।