02-03 अगस्त को कानपुर में मंडलस्तरीय पावरलिफ्टिंग और बेंच प्रेस प्रतियोगिता

 

 

 

  • 400 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, चयनित खिलाड़ी जमशेदपुर में करेंगे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व

 

 

कानपुर, 31 जुलाई।

कानपुर पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 02 और 03 अगस्त 2025 को कानपुर मंडलस्तरीय पावरलिफ्टिंग, ओपन बेंच प्रेस और इंटर स्कूल बेंच प्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय, नवाबगंज, कानपुर में होगा। प्रतियोगिता में लगभग 400 खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे।

एसोसिएशन के सचिव श्री सौरभ गौर ने गुरुवार को जानकारी दी कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को 01 अगस्त को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के समय खिलाड़ियों को अपना आधार कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। उसी समय उनका शारीरिक वजन भी किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि हर वर्ग के विजेता खिलाड़ियों का चयन कानपुर मंडल टीम में किया जाएगा। इसके अलावा, इसी प्रतियोगिता के आधार पर उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग टीम ट्रायल भी आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 18 अगस्त 2025 को जमशेदपुर (टाटा नगर) में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर पावरलिफ्टिंग और ओपन बेंच प्रेस प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, पदक और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरुषों के लिए 9 भार वर्ग तथा महिलाओं के लिए 8 भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं।

प्रतियोगिता से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अनिल कुशवाहा (मोबाइल: 9336658975) या अभ्युदय शुक्ला (मोबाइल: 8400471436) से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Comment