- रामावतार इंटर कॉलेज की छात्रा दीपावली वर्मा का राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन
- 31 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक पुणे में होगा SGFI नेशनल कराटे चैंपियनशिप का आयोजन
- कोच, जिला संघ और विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाइयां
कानपुर, 23 जनवरी।
कहते हैं मेहनत और लगन हो तो गांव की सीमाएं भी प्रतिभा को रोक नहीं सकतीं। यह बात दंगड़ा पतरसा स्थित रामावतार इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली कक्षा 10 की छात्रा दीपावली वर्मा ने एक बार फिर साबित कर दी है। दीपावली ने लगातार दूसरे वर्ष SGFI (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) की राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन हासिल कर गांव से नेशनल स्तर तक का प्रेरणादायक सफर तय किया है।
दीपावली वर्मा का चयन आगामी 31 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित होने वाली 17 वर्ष आयु वर्ग बालिका कराटे राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इससे पहले भी वह कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर SGFI नेशनल तक पहुंच चुकी हैं, और इस बार भी अपने प्रदर्शन से नेशनल का टिकट पाने में सफल रहीं।
इस उपलब्धि पर उनके कोच सभाजीत वर्मा और आशीष गौतम ने दीपावली को बधाई देते हुए कहा कि वह अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल हैं। वहीं कानपुर जिले के महासचिव श्री सुनील शुक्ला ने दीपावली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय प्रबंधन भी इस सफलता से गौरवान्वित है। रामावतार इंटर कॉलेज के प्रबंधक श्री विनय धनगर एवं लेफ्टिनेंट प्रभाकर पाल ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली ने अपने परिश्रम से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वह राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दीपावली वर्मा की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखती हैं।