- मो. यूसुफ और अनिका शर्मा को प्रोत्साहन के रूप।में मिली एक वर्ष की खेल सामग्री
कानपुर, 5 फरवरी।
कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स एकेडमी एवं कॉस्को फिटनेस एंड स्पोर्ट्स के संयुक्त प्रयास से बैडमिंटन खिलाड़ियों मो. यूसुफ और अनिका शर्मा को पूरे वर्ष भर के अभ्यास के लिए लगभग एक लाख रुपये मूल्य की खेल सामग्री प्रदान की गई। दोनों खिलाड़ी बिठूर स्थित स्कॉलर मिशन पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत हैं तथा स्वरूप नगर स्थित कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स एकेडमी में नियमित अभ्यास कर रहे हैं।
बैडमिंटन को बढ़ावा देने का संकल्प
कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. डी.सी. गुप्ता एवं कॉस्को फिटनेस एंड स्पोर्ट्स के एरिया मैनेजर सुभाष गौतम ने कहा कि बैडमिंटन को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एकेडमी के खिलाड़ियों के विकास के लिए कॉस्को स्पोर्ट्स एंड फिटनेस हमेशा साथ खड़ा रहेगा।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मिलेगी नई धार
एकेडमी के चीफ हेड कोच सुशील गुप्ता ने बताया कि कॉस्को द्वारा प्रदान की गई सामग्री खिलाड़ियों के खेल को निखारने में मदद करेगी, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। इस सहयोग से एकेडमी के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर आर.के. गुप्ता, संजय प्रजापति, अनुज गौतम, योगेश बिष्ट, मो. आसिफ, आयुष मिश्रा, गौरव सोनकर, अथर्व धीमन, देविशा यादव और रशिका अग्रवाल सहित अनेक खिलाड़ी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।