मंडलायुक्त ने दी चेतावनी, समय पर पूरा हो ग्रीनपार्क मीडिया सेंटर की लिफ्ट का काम

 

मंडलायुक्त ने 20 जून को लिफ्ट के शुभारंभ की तय की तारीख, विलंब होने पर निर्माण एजेंसी को किया जाएगा ब्लैक लिस्ट

बनकर तैयार है लिफ्ट का स्ट्रक्चर।

 

कानपुर। कानपुर के मंडलायुक्त ने शुक्रवार को ग्रीनपार्क का निरीक्षण किया और मीडिया सेंटर में जारी लिफ्ट के कार्य की समीक्षा करते हुए लेट लतीफी पर निर्माण एजेंसी व अन्य जिम्मेदारों को सख्त चेतावनी देते हुए समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि ग्रीन पार्क स्टेडियम के कारण, कानपुर क्रिकेट के लिए भी दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यहां समय समय पर राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच होते रहे हैं और दुनिया भर के लाखों लोग ग्रीन पार्क में खेले जाने वाले राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच को देखने आते हैं। उपरोक्त के दृष्टिगत राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटरों और मीडियाकर्मियों की आवश्यकता और मांग को देखते हुए, कानपुर स्मार्ट सिटी ने मीडिया गैलरी/ग्रीन पार्क स्टेडियम के केंद्र में लिफ्ट लगाने की परियोजना शुरू की है।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने ये दिए निर्देश 

1. सर्वप्रथम आयुक्त ने ग्रीन पार्क स्टेडियम के मीडिया सेन्टर में निर्माणाधीन लिफ्ट के सिविल कार्य को देखा। यह कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण है और इसे अन्तिम रूप दिया जा रहा है।

2. यहां “मित्सुबिशी” का लिफ्ट लगाया जायेगा, जो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट ब्रांड में से एक है, जिसकी जी+2 के लिए कुल 8 व्यक्तियों की क्षमता होगी।

3. कतिपय कारणों से इस प्रोजेक्ट में हुए आंशिक विलम्ब के दृष्टिगत आयुक्त ने अपने विगत निरीक्षण में कार्यदायी संस्था से इस कार्य में तेजी लाते हुए उनकी सहमति के आधार पर इसे माह मार्च के मध्य तक पूरा करने तथा लिफ्ट की स्थापना व उसका परीक्षण कराते हुए इसे अप्रैल माह के अंत तक क्रिकेटर्स और मीडियाकर्मियों के लिए तैयार करने के निर्देश दिये थे।

4. परन्तु इस कार्य में अनावश्यक विलम्ब को देखते हुए कार्य में तेजी लाने हेतु आयुक्त ने कार्य दायी संस्था से वार्ता कर उनकी सहमति से इस कार्य को पूरा करने हेतु निम्न समय निर्धारित कियाः-

अ) दिनांक 27-04-2023 तक इसका सिविल कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा।
ब) दिनांक 07-05-2023 तक इसके समस्त इलेक्ट्रिक कार्यों को पूर्ण कर लिया जायेगा।
स) दिनांक 07-06-2023 तक लिफ्ट की स्थापना की जायेगी।
द) इसके बाद लगभग 7 जून से 15 जून के मध्य इसकी टेस्टिंग किये जाने की सम्भावना है।
य) और दिनांक 20 जून, 2023 के आस-पास इसका शुभारम्भ किये जाने की तैयारियां की जा रही हैं, जिसके लिए आयुक्त ने पद्म भूषण से सम्मानित सुनील गावस्कर जी के कर कमलों से इसका शुभारम्भ किये जाने हेतु अनुरोध पत्र प्रेषित किये जाने के लिए निर्देश दिए।

उपरोक्त कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण न होने पर संस्था को ब्लैक लिस्ट किये जाने हेतु संस्तुति कर दी जायेगी, जिस पर कार्यदायी संस्था ने आयुक्त को समस्त कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूर्ण करने का आश्वासन दिया और इसके बाद भी अनावश्यक विलम्ब होने पर आयुक्त द्वारा ब्लैक लिस्ट की कार्यवाही के लिए सहमति दी।

5. आयुक्त ने उप निदेशक, खेल व सहायक नोडल अधिकारी, स्मार्ट सिटी को उपरोक्त निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य की प्रगति की संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

6. आयुक्त ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी को आगामी 1 सप्ताह में इसकी गुणवत्ता की जांच हेतु थर्ड पार्टी क्वालिटी चेक कराने को कहा।

उपरोक्त के अतिरिक्त क्रिकेटरों की आवश्यकताओं और सुरक्षा को देखते हुए मीडिया गैलरी के दूसरी तरफ अलग से एक अतिरिक्त समर्पित लिफ्ट लगायी जायेगी। यह जी+3 के लिए कुल 6 व्यक्तियों की क्षमता की दोनो तरफ ओपन होने वाली विशेष लिफ्ट होगी। जिसके लिए धनराशि रू 95 लाख का बजट है। यह धनराशि कानपुर स्मार्ट सिटी लि. के किसी योजना की बचत की धनराशि है। इसके लिए आयुक्त ने नगर आयुक्त/सी0ई0ओ0 स्मार्ट सिटी को कानपुर स्मार्ट सिटी की सभी परियोजनाओं के Reconciliation करते हुए इस लिफ्ट हेतु एक सप्ताह में पत्रावली पर स्वीकृति प्राप्त करने और जल्द ही इसका काम आरम्भ कराये जाने के निर्देश दिये। इस दौरान नगर आयुक्त/मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उप निदेशक, खेल, कानपुर स्मार्ट सिटी व कार्य एजेंसी की टीम उपस्थित रही।

कार्यदायी संस्था को मंडलायुक्त ने दिए निर्देश।

 

Leave a Comment