भारत स्काउट और गाइड कानपुर नगर में निबंध लेखन कार्यक्रम 12 जनवरी को

 

 

 

  • स्वामी विवेकानंद जयंती पर होगा निबंध लेखन प्रतियोगिता
  • बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देने का प्रयास
  • स्काउट भवन परिसर में सेवा कार्य भी होगा आयोजित

 

 

कानपुर, 9 जनवरी।

भारत स्काउट और गाइड कानपुर नगर बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के लिए लगातार महत्वपूर्ण प्रयास करती रही है। इसी क्रम में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को स्काउट/गाइड बच्चों के लिए निबंध लेखन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह निबंध स्वामी विवेकानंद के साहसिक, आध्यात्मिक व्यक्तित्व और विश्व को दिशा देने वाले विचारों पर आधारित होगा।

कार्यक्रम का आयोजन स्काउट भवन परिसर में किया जाएगा, जहां बच्चे वहीं बैठकर निबंध लिखेंगे। निबंध हेतु कागज संस्था द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। निबंध लेखन का समय दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। बच्चे वर्दी में सुबह 11 बजे पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएंगे। प्रतिभागी बच्चों के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी संस्था की ओर से की गई है।

दीक्षा जैन, IAS का प्रोत्साहन और मार्गदर्शन

इस आयोजन के संदर्भ में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला मुख्यायुक्त दीक्षा जैन, IAS ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए ऊर्जा का स्रोत हैं। ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों में लेखन क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि उनमें राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और अनुशासन की भावना भी विकसित करते हैं।

सेवा कार्य भी होगा आयोजित

निबंध प्रतियोगिता के साथ-साथ स्काउट भवन परिसर में सेवा कार्य भी किया जाएगा, जिससे बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को मजबूत करने का उद्देश्य है।

स्कूलों से बच्चों को भेजने का अनुरोध

भारत स्काउट और गाइड कानपुर नगर के जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने सभी विद्यालयों से अपील की है कि वे अपने स्कूल से दो स्काउट और दो गाइड बच्चों को इस कार्यक्रम में भेजें। सभी प्रतिभागी बच्चों को संस्था की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Comment