कानपुर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त चंद्रा क्रिकेट अकादमी मैदान पर स्पार्क क्लब द्वारा आयोजित तृतीय स्वर्गीय धनेश्वरी देवी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का चौथा एवं अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला भारत क्लब और ग्रेजुएट क्लब के बीच खेला गया। भारत क्लब ने यह रोमांचक मुकाबला 9 रनों से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मैच में हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्रिंस सोनी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

प्रिंस का शानदार शतक
भारत क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवरों में 8 विकेट खोकर 265 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रिंस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 90 गेंदों पर 133 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि युवराज सिंह ने 29 रनों का योगदान दिया। ग्रेजुएट क्लब की ओर से बिलाल फिरोज ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट प्राप्त किए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रेजुएट क्लब की टीम बिलाल फिरोज की संघर्षपूर्ण 113 रनों की शतकीय पारी और शुभांशु त्रिवेदी के 25 रनों के बावजूद सभी विकेट खोकर 256 रन ही बना सकी। भारत क्लब की ओर से प्रिंस सोनी और आदर्श को 2-2 विकेट मिले।
यह जानकारी टूर्नामेंट सचिव नीरज वर्मा ने दी।