कानपुर, 27 जनवरी।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित KDMA क्रिकेट लीग के अंतर्गत मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में PAC मैदान पर तिलक सोसायटी ने अंजुल मिश्रा के शानदार शतक की बदौलत किस्को को 111 रनों के भारी अंतर से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में एस एस क्लब ने जेडी क्लब को चार विकेट से मात दी।
तिलक सोसायटी का दबदबा
पीएसी मैदान पर खेले गए मैच में तिलक सोसायटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अंजुल मिश्रा के शानदार 155 रन, सौरभ साहू के 50 रन और आकाश जैन के 34 रनों की मदद से 40 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 263 रन बनाए। गेंदबाजी में केस्को की ओर से बलराम शर्मा और मयूर तिवारी ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केस्को की टीम 35 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई। हसमत हुसैन ने 40, प्रशांत कुशवाहा ने 37 और सुधीर श्रीवास्तव ने 20 रन बनाए। तिलक सोसायटी की ओर से आकाश जैन ने 19 रन देकर 4 विकेट और सुयश सिन्हा ने 42 रन देकर 3 विकेट झटके।
जेम्स मैदान पर एस क्लब की जीत
दूसरे मैच में जेम्स मैदान पर जेडी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 36.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 197 रन बनाए। सलमान ने 60 और अमन राजपूत ने 42 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में लक्ष्य कुमार ने 18 रन पर 3 विकेट, प्रांजल ने 24 रन पर 2 विकेट और अमन यादव ने 45 रन पर 2 विकेट लिए।
जवाब में एस एस क्लब ने 35.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 198 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। एस एस क्लब की ओर से सत्यम यादव ने 53, अर्जुन गुप्ता ने 39, अरुण राय ने 37 और आदित्य मौर्य ने 24 रन बनाए। जेडी क्लब की ओर से सूरज यादव ने 29 रन देकर 2 विकेट और नीरज कुमार ने 34 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।