- KDMA लीग में तरुण क्लब को 165 रनों से दी करारी शिकस्त, आदर्श ने खेली 233 रनों की तूफानी पारी
- चार मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन, इलेवेन स्टार और रोलैण्ड क्लब ने भी दर्ज की जीत
कानपुर 10 अप्रैल।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित के०डी०एम०ए० क्रिकेट लीग के अंतर्गत खेले गए चार मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पहले मैच में आदर्श सिंह के शानदार दोहरे शतक की बदौलत के०डी०एम०ए० ने 165 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की, जबकि अन्य मुकाबलों में भी बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए मुकाबले में के०डी०एम०ए० ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 385 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदर्श सिंह ने 233 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सुमित सिंह राठौर ने नाबाद 60 रन बनाए। जवाब में तरुण क्लब की टीम 220 रन पर सिमट गई। के०डी०एम०ए० ने यह मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।
जेम्स मैदान पर खेले गए मैच में सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी ने 289 रन बनाए, जिसमें वंश निगम (89) और शिवशंकर (69) का अहम योगदान रहा। जवाब में भारत क्लब की टीम 265 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में सर पदमपत सिंहानिया ने 24 रनों से जीत हासिल की।
अर्पित के खेल से जीता इलेवन स्टार

सप्रूमैदान पर खेले गए तीसरे मुकाबले में केस्को की टीम 120 रन पर सिमट गई। इलेवेन स्टार ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 2 विकेट खोकर 123 रन बनाकर 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की। अर्पित पाण्डे ने नाबाद 82 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
राम लखन भट्टूट मैदान पर खेले गए चौथे मुकाबले में केजीएससी की टीम 152 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में रोलैण्ड क्लब ने 7 विकेट खोकर 155 रन बनाते हुए 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। मनीष वर्मा ने 67 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
लीग के इन मुकाबलों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन दर्शनीय रहा और प्रतियोगिता लगातार रोमांचक मोड़ लेती जा रही है।