यूपी दिवस को समर्पित महीने भर चलेगा स्काउट–गाइड कार्यक्रमों का सिलसिला

 

 

 

  • कानपुर नगर में भारत स्काउट और गाइड बच्चों के बीच निबंध, रैली, गीत और जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन
  • यूपी दिवस में समाहित होंगे राष्ट्रीय पर्व और महापुरुषों की जयंती

 

 

कानपुर, 20 जनवरी।

भारत स्काउट और गाइड, कानपुर नगर द्वारा यूपी दिवस समारोह को पूरे महीने मनाया जाएगा। इस दौरान स्वामी विवेकानंद जयंती, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, बसंत पंचमी, राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस और गणतंत्र दिवस को यूपी दिवस के कार्यक्रमों में समाहित करते हुए बच्चों के बीच विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

योगी सरकार के आह्वान पर आयोजन

जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला मुख्यायुक्त दीक्षा जैन के मार्गदर्शन में स्कूलों के स्काउट और गाइड बच्चों के लिए निबंध लेखन, स्लोगन, रैली और गीत प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं, जिससे बच्चों में प्रदेश के प्रति गौरव और नागरिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित हो सके।

समाचार पत्र आधारित प्रतियोगिता से बढ़ेगा ज्ञान

इसी क्रम में माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा के आदेश को अंगीकार करते हुए समाचार पत्रों पर आधारित विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

15 दिनों तक अखबार पढ़कर लिखनी होगी अपनी राय

प्रतियोगिता के अंतर्गत बच्चों को 1 जनवरी से 15 जनवरी तक प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़कर राजनीति, खेल, व्यापार, विदेश, स्थानीय समाचार और संपादकीय से जुड़ी विशिष्ट खबरों या फोटो को कॉपी पर लिखना है, साथ ही उस पर अपनी स्वतंत्र राय भी व्यक्त करनी है। इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में पठन-पाठन की आदत, विश्लेषण क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करना है।

विजेताओं को पुरस्कार, सभी को प्रमाणपत्र

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की बौद्धिक और मानसिक क्षमता के विकास के साथ-साथ उनके ज्ञान में भी वृद्धि होगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

Leave a Comment