- 1 से 6 दिसंबर तक दिल्ली में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, लखनऊ के अमन रिजवी उपकप्तान बनाए गए
- कानपुर के जुल्फिकार हुसैन भी टीम में शामिल, आशीष बाजपेयी कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे
कानपुर, 24 नवंबर।
उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (UPDCA) ने आगामी 5वीं टेस्ट नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप फॉर डेफ-2026 के लिए प्रदेश की टीम का चयन कर लिया है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 1 से 6 दिसंबर 2026 तक दिल्ली में आयोजित होगी। टीम की कमान वाराणसी के दीपक कुमार को सौंपी गई है, जबकि लखनऊ के अमन रिजवी उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे।
प्रदेश के 16 खिलाड़ियों को मिला मौका
उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव आशीष बाजपेयी ने बताया कि चयनित टीम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के कुल 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें वाराणसी, लखनऊ, आजमगढ़, सुल्तानपुर, इटावा, हमीरपुर, शामली, बदायूं, कुशीनगर, गोरखपुर, फिरोजाबाद, कानपुर और ललितपुर सहित अन्य जिलों के खिलाड़ी शामिल हैं।

ये खिलाड़ी टीम में हुए शामिल
टीम में दीपक कुमार (कप्तान)-वाराणसी, अमन रिजवी (उपकप्तान)-लखनऊ, देवेंद्र कुमार यादव (विकेटकीपर)-आजमगढ़, आकाश सिंह-सुल्तानपुर, सुशील यादव-इटावा, रोहित यादव-हमीरपुर, रौनक मलिक-शामली, धीरज कुमार-बदायूं, आकाश सैनी-कुशीनगर, प्रतीक राज चौधरी-गोरखपुर, अब्दुल कादिर-फिरोजाबाद, मोहम्मद कैफ-सुल्तानपुर, जुल्फिकार हुसैन-कानपुर, उत्कर्ष दुबे-वाराणसी, एक खिलाड़ी-बाराबंकी और नरेंद्र प्रजापति-ललितपुर को जगह मिली है।
टीम के कोच की जिम्मेदारी कानपुर के आशीष बाजपेयी संभालेंगे।
सेमीफाइनल में हरियाणा से होगा यूपी का मुकाबला
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में उत्तर प्रदेश का सामना हरियाणा से होगा, जबकि जम्मू-कश्मीर की टीम महाराष्ट्र से भिड़ेगी। उत्तर प्रदेश की टीम प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
टीम के सहयोग के लिए प्रायोजन की अपील
उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट एसोसिएशन ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खिलाड़ियों की भागीदारी और बेहतर तैयारियों के लिए प्रतिष्ठित कंपनियों, बैंकों, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और दानदाताओं से आर्थिक सहयोग की अपील की है। एसोसिएशन के महासचिव आशीष बाजपेयी ने कहा कि प्रायोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।