कानपुर में पहली बार आयोजित हुई जिला बास्केटबॉल लीग 3X3, 90 टीमों ने दिखाया दमखम

 

 

  • अंडर-14 से सीनियर वर्ग तक बालक-बालिकाओं ने लिया हिस्सा, रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल
  • जूनियर अंडर-12 के नन्हे खिलाड़ियों को भी मिला प्रतिभा प्रदर्शन का मंच, सभी प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

 

कानपुर, 23 नवंबर।

शहर में बास्केटबॉल खेल को बढ़ावा देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कानपुर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन (KDBA) के तत्वावधान में पहली बार कानपुर जिला बास्केटबॉल लीग 3X3 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कानपुर और आसपास की करीब 90 टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 एवं सीनियर वर्ग में बालक और बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

रोमांचक मुकाबलों में टीमों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंडर-14 बालक वर्ग में चेंटेल्स यूथ ने नो मर्सी को 9-5 से हराया, जबकि छोटा भीम ने स्ट्रीट बॉलर को 8-5 से पराजित किया। बालिका वर्ग में नेट निंजा ने फियरलेस-4 को 5-0 से हराकर जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में कानपुर वॉरियर्स ने चेंटेल्स को 3-2 से शिकस्त दी।

अंडर-17 बालक वर्ग में टीसीएस जूनियर ने डिस्ट्रॉयर्स को 6-5 से हराया, जबकि एपेक्स ने ऑरा मर्चेंट को 10-9 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। बालिका वर्ग में जेएमडी वॉरियर्स ने ओजी हूपर्स को 6-2 से और नेट निंजा ने रॉयल रेबेल को 9-1 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया।

अंडर-19 बालक वर्ग के सेमीफाइनल में जेनिथ ने टाइटंस को 15-5 से हराया, जबकि स्विश सोसाइटी ने टीसीएस को 10-9 से पराजित किया।

विभिन्न वर्गों में विजेता और उपविजेता टीमें

प्रतियोगिता के घोषित परिणामों के अनुसार अंडर-14 बालिका वर्ग में नेट निंजा विजेता और कानपुर वॉरियर्स उपविजेता रही। अंडर-17 बालिका वर्ग में नेट निंजा ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में टीसीएस जूनियर विजेता और एपेक्स टीम उपविजेता रही।

अंडर-19 बालिका वर्ग में टीम इलेवन विजेता और हीनिवशा उपविजेता रही। अंडर-19 बालक वर्ग में स्विश सोसाइटी विजेता और जेनिथ उपविजेता बनी। सीनियर बालक वर्ग में गोल्ड रन क्लब ने विजेता तथा फनफर्नो ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। सीनियर बालिका वर्ग में टीम इलेवन विजेता और गर्ल्स मसाला उपविजेता रही।

नन्हे खिलाड़ियों को भी मिला प्रतिभा दिखाने का अवसर

प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण जूनियर अंडर-12 वर्ग रहा, जिसमें लगभग 15 से 20 छोटे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजकों ने बच्चों में खेल के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस पहल को युवा खिलाड़ियों को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडीसीपी रश्मि सिंह (स्वरूप नगर) और एलन एलीट स्पोर्ट्स लीग की निदेशक हफ्सा फातिमा उपस्थित रहीं। उनकी मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में कानपुर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, कार्यकारी सचिव सुशील चंद्रा, कोषाध्यक्ष राकेश शुक्ला, मनोज मिश्रा, विनय पांडेय, युवराज शुक्ला और विनोद गुप्ता सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रतियोगिता का संचालन एवं व्यवस्थाएं गौरव उपाध्याय, शिवम दीक्षित, स्पर्श गुप्ता, युवराज सिंह गिल, सौरभ पांडेय और अनन्या सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुईं। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के माध्यम से कानपुर में बास्केटबॉल को नई पहचान दिलाने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

 

Leave a Comment