- झांसी में आयोजित चयन प्रतियोगिता में 48 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, चार सदस्यीय प्रदेश टीम में मिली जगह; निकिता निषाद पांचवें और तनु निषाद नौवें स्थान पर रहीं
कानपुर, 23 नवंबर।
उत्तर प्रदेश की महिला शतरंज टीम में कानपुर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी आकृति गुप्ता ने जगह बनाकर शहर का गौरव बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में 21 और 22 नवंबर को झांसी में आयोजित सीनियर महिला शतरंज चयन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर आकृति का चयन प्रदेश टीम के लिए किया गया है। अब वह 30 नवंबर से 10 दिसंबर तक तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय महिला शतरंज प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
झांसी में आयोजित इस चयन प्रतियोगिता में प्रदेश की 48 महिला खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। छह राउंड तक चले मुकाबलों के बाद चार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में किया गया। चयनित खिलाड़ियों में कानपुर की आकृति गुप्ता के अलावा झांसी की पूर्वी राजपूत, वाराणसी की विधि एंजेलिना और प्रयागराज की प्रिया यादव शामिल हैं।
इस प्रतियोगिता में कानपुर से कुल छह खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें निकिता निषाद ने पांचवां, तनु निषाद ने नौवां और प्रशंसा वर्मा ने 16वां स्थान हासिल किया। कानपुर की खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से शहर में शतरंज प्रतिभाओं की मजबूती भी सामने आई है।
यह जानकारी कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने दी। उन्होंने आकृति के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे कानपुर के शतरंज जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।