59वीं इंटर रेलवे शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य समापन, 27 पदकों के साथ सेंट्रल रेलवे बनी विजेता

 

 

  • आसनसोल में देश के ओलंपियन, वर्ल्ड कप और एशियन चैंपियन निशानेबाजों ने दिखाया दमखम, मो. इमरान खान ने साझा किए अपने अनुभव
  • मोहित चंद्रा ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

 

कानपुर/आसनसोल, 21 नवंबर।

आसनसोल में 16 से 20 नवंबर तक आयोजित 59वीं इंटर रेलवे शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (CLW) के जनरल मैनेजर मोहित चंद्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मोहित चंद्रा उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के महाप्रबंधक भी रह चुके हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय चैंपियन निशानेबाजों ने बढ़ाया प्रतियोगिता का स्तर

प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न रेलवे जोनों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में ओलंपियन, वर्ल्ड कप चैंपियन और एशियन चैंपियन निशानेबाजों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को खास बना दिया। विश्व और एशियाई स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर शूटिंग के उच्च स्तर का परिचय दिया।

27 पदकों के साथ सेंट्रल रेलवे ने जीती विनर ट्रॉफी

प्रतियोगिता की पदक तालिका में सेंट्रल रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 27 पदक हासिल किए और विनर ट्रॉफी अपने नाम की। ईस्टर्न रेलवे की टीम 26 पदकों के साथ रनर-अप रही। वहीं वेस्टर्न रेलवे ने तीसरा और नॉर्दर्न रेलवे ने चौथा स्थान प्राप्त किया।

मो. इमरान खान ने विश्वस्तरीय निशानेबाजों से सीखे शूटिंग के गुर

प्रतियोगिता में शहर के निशानेबाज मो. इमरान खान ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि देश के इतने बड़े मंच पर ओलंपियन और विश्वस्तरीय चैंपियन निशानेबाजों के साथ खेलना उनके लिए गौरव और खुशी का अनुभव रहा।

मो. इमरान खान ने बताया कि उन्हें विश्व चैंपियन सौरभ चौधरी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियन निशानेबाज अनीश भानवाला से शूटिंग की बारीकियां सीखने का अवसर मिला। दोनों खिलाड़ियों से मिले महत्वपूर्ण टिप्स ने उन्हें अपने खेल को और बेहतर बनाने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ी बेहद विनम्र, अनुशासित और शांत स्वभाव के थे। इतने बड़े खिलाड़ियों से मिलना, उनके साथ प्रतिस्पर्धा करना और उनसे सीखना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। इस प्रतियोगिता से उन्हें न केवल खेल का अनुभव मिला, बल्कि भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास भी प्राप्त हुआ।

खिलाड़ियों के लिए सीखने और अनुभव साझा करने का मंच बनी चैंपियनशिप

59वीं इंटर रेलवे शूटिंग चैंपियनशिप खिलाड़ियों के लिए केवल पदक जीतने का मंच नहीं रही, बल्कि एक-दूसरे से सीखने, अनुभव साझा करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर भी साबित हुई। प्रतियोगिता ने भारतीय रेलवे शूटिंग के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों को भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Comment