- बालक और बालिका दोनों वर्गों में स्कॉलर मिशन स्कूल की टीम बनी चैंपियन, 128 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कानपुर, 20 नवंबर।
शहर के सीएचएस गुरुकुलम स्कूल, मेहरबान सिंह का पुरवा में 19 नवंबर को एकदिवसीय KSS इंटर स्कूल जोन-B बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कॉलर मिशन स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कानपुर के 17 विद्यालयों के बालक वर्ग और 15 विद्यालयों के बालिका वर्ग के कुल 128 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रितु वाजपेयी तथा एकेडमिक हेड श्रीमती पायल सक्सेना ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में ऑक्सफोर्ड स्कूल, श्याम नगर ने ओमर वैश स्कूल को 2-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में स्कॉलर मिशन स्कूल ने यूपी किराना स्कूल को 2-0 से हराया। फाइनल मुकाबले में स्कॉलर मिशन स्कूल ने ऑक्सफोर्ड स्कूल, श्याम नगर को 2-1 से शिकस्त देकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। तीसरे स्थान के मुकाबले में ओमर वैश स्कूल ने यूपी किराना स्कूल को 2-0 से हराकर कांस्य स्थान हासिल किया।

बालक वर्ग में भी स्कॉलर मिशन स्कूल का दबदबा कायम रहा। पहले सेमीफाइनल में स्कॉलर मिशन स्कूल ने ऑक्सफोर्ड स्कूल, श्याम नगर को 2-0 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में डीपीएस बर्रा ने सीएचएस एजुकेशन सेंटर को 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में स्कॉलर मिशन स्कूल ने डीपीएस बर्रा को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर बालक वर्ग का खिताब भी अपने नाम कर लिया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, श्याम नगर ने सीएचएस एजुकेशन सेंटर को 2-1 से हराया।
प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय के सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. रितु वाजपेयी ने विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।