- अयोध्या में 22 नवंबर को होगी फुल कॉन्टैक्ट चैंपियनशिप, विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों का चयन
कानपुर, 19 नवंबर।
अयोध्या में 22 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्योकुशिन कराटे (फुल कॉन्टैक्ट) प्रतियोगिता के लिए कानपुर के 12 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। नॉर्दर्न एक्टिव स्पोर्ट्स अकादमी, महिला महाविद्यालय कराटे प्रशिक्षण केंद्र, किदवई नगर के इन खिलाड़ियों का चयन विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं में किया गया है। चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
### काता और कुमीते में करेंगे प्रतिभाग
चयनित खिलाड़ियों में वर्चस्व सिंह (14 वर्ष), उर्वी सिंह (6 वर्ष), वाची सिंह (6 वर्ष), एलिना अग्रवाल (8 वर्ष), पीयूष जोशी (14 वर्ष), निर्मल गुप्ता (14 वर्ष), शशांक गुप्ता (14 वर्ष), शौर्य सिंह (6 वर्ष), वैभव सिंह (14 वर्ष), वैष्णवी तिवारी (8 वर्ष), आश्वी मिश्रा (4 वर्ष) और कौटिल्य गुप्ता (6 वर्ष) शामिल हैं।
इनमें वर्चस्व, पीयूष, निर्मल, शशांक और वैभव का चयन कुमीते स्पर्धा के लिए हुआ है। वहीं उर्वी, वाची, एलिना, शौर्य, वैष्णवी और कौटिल्य काता एवं कुमीते दोनों स्पर्धाओं में प्रतिभाग करेंगे। आश्वी मिश्रा का चयन कीहोंस और काता स्पर्धा के लिए हुआ है।
### अकादमी पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
अकादमी के अध्यक्ष सेन्सेई अविनाश सिंह चौहान और सचिव सेन्सेई ऋषभ चतुर्वेदी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह चयन खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। अकादमी का उद्देश्य खेलों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारना और कानपुर सहित उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाना है।