जिला योग चैम्पियनशिप में DPS किदवई नगर बना ओवरऑल चैंपियन

 

 

  • 30 स्वर्ण पदकों के साथ पहला स्थान, सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर उपविजेता; करीब 300 खिलाड़ियों ने दिखाया योग कौशल

 

कानपुर, 15 अक्टूबर।

योग एसोसिएशन ऑफ कानपुर एवं साक्षी मार्शल आर्ट्स अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला योग चैम्पियनशिप में DPS किदवई नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर योग की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

चैम्पियनशिप में DPS किदवई नगर ने 30 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, 22 स्वर्ण पदकों के साथ सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर दूसरे स्थान पर रहा। JMD वर्ल्ड स्कूल और नारायणा ई-टेक्नो स्कूल/एजुकेशन सेंटर ने 15-15 स्वर्ण पदक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में डायरेक्टर अर्चना निगम, प्रधानाचार्या मोनिका गुप्ता, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के प्रो. नीरज कुमार सिंह (कार्यकारी अध्यक्ष, योग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश), शोभित पांडेय (महासचिव, योग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश) तथा डॉ. राम किशोर, असिस्टेंट प्रोफेसर, सीएसजेएमयू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार बताया।

आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, विद्यालयों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में योग के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Comment