- पहले दिन 168 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 13 अक्टूबर को होंगे अगले दौर के मुकाबले
कानपुर, 12 अक्टूबर।
जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय के.एस.एस. बास्केटबॉल टूर्नामेंट-2026 में पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। 12 अक्टूबर को शुरू हुई प्रतियोगिता में कानपुर के प्रतिष्ठित विद्यालयों के 168 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए छह विद्यालयों ने अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका दत्त एवं आयोजन सचिव सुनील शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन के बाद हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तेजतर्रार खेल, शानदार पासिंग और बेहतरीन शूटिंग का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।
जुगल देवी ने एलन हाउस को 26-5 से हराया
पहले मुकाबले में जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलन हाउस पब्लिक स्कूल को 26-5 से पराजित किया। जुगल देवी की टीम ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और एकतरफा जीत दर्ज की।
गुरु नानक पब्लिक स्कूल ने कड़े मुकाबले में युगम इंटरनेशनल को 18-12 से शिकस्त दी। वहीं द जैन इंटरनेशनल स्कूल ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए गार्डेनिया पब्लिक स्कूल को 36-22 से हराया।
जय नारायण विद्या मंदिर और सिंघानिया स्कूल की शानदार जीत
जय नारायण विद्या मंदिर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द चिंटल्स स्कूल को 22-2 से पराजित किया। इसके अलावा सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर ने प्रताप इंटरनेशनल स्कूल को 28-8 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
एक अन्य मुकाबले में गुरु नानक मॉडर्न स्कूल ने गौरव मेमोरियल को पराजित कर प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश किया।
13 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से होंगे मुकाबले
आयोजन सचिव सुनील शुक्ला के अनुसार प्रतियोगिता के अगले दौर के मुकाबले 13 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से खेले जाएंगे। सभी टीमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब की दौड़ में आगे बढ़ने के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरेंगी।
प्रतियोगिता का समापन समारोह दोपहर 2 बजे विद्यालय सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के दौरान अविरल सिंह चौहान, कमलेश यादव, अजय सिंह एवं गौरव उपाध्याय सहित अन्य खेलप्रेमी उपस्थित रहे।