कानपुर जिला योगासन खेल चैंपियनशिप 24-25 अक्टूबर को

 

 

  • एलनहाउस पब्लिक स्कूल खलासी लाइन में जुटेंगे योगासन खिलाड़ी, विभिन्न आयु वर्गों में होगा मुकाबला

 

कानपुर, 12 अक्टूबर।

कानपुर योगा एसोसिएशन के तत्वावधान में कानपुर जिला योगासन खेल चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 24 एवं 25 अक्टूबर को एलनहाउस पब्लिक स्कूल, खलासी लाइन में किया जाएगा। प्रतियोगिता में कानपुर जनपद के CBSE, ICSE और UP Board से संबद्ध विद्यालयों के साथ ही विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, योग अकादमियों एवं योग क्लबों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिता का उद्देश्य जनपद में योगासन खेल को बढ़ावा देना, युवा प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना तथा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोजकों के अनुसार जिला स्तरीय चैंपियनशिप के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा।

चार प्रमुख आयु वर्गों में होंगे मुकाबले

चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्गों में विभाजित किया गया है। सब-जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग में 6 से 8 वर्ष, 8 से 10 वर्ष तथा 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग में 12 से 14 वर्ष, 14 से 16 वर्ष तथा 16 से 18 वर्ष के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे। वहीं सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग में 18 से 20 वर्ष, 20 से 25 वर्ष तथा 25 से 30 वर्ष आयु वर्ग निर्धारित किया गया है।

मास्टर पुरुष एवं महिला वर्ग में 30 से 35 वर्ष, 35 से 45 वर्ष, 45 से 55 वर्ष तथा 55 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी अपनी योगासन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

विद्यालयों और योग संस्थानों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील

कानपुर योगा एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, योग संस्थानों एवं खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योगासन आज केवल स्वास्थ्य और जीवनशैली तक सीमित नहीं है, बल्कि एक प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में भी युवाओं को नई संभावनाएं प्रदान कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला चैंपियनशिप खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने और आगे के स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर देगी।

आयोजन की जिम्मेदारियां तय

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए योगाचार्य नेहा गुप्ता को बालिका एवं महिला वर्ग की आयोजन सचिव तथा अमित कुमार योगी को बालक एवं पुरुष वर्ग का आयोजन सचिव बनाया गया है। प्रतीव निगम (अधिवक्ता), वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कानपुर योगा एसोसिएशन को प्रतियोगिता निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।

आयोजन समिति ने सभी पात्र खिलाड़ियों और संबंधित संस्थानों से समय पर पंजीकरण एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

संपर्क: योगाचार्य नेहा गुप्ता – 8076854177, सोनाली धनवानी – 8860883928, अमित कुमार योगी – 9336881803।

Leave a Comment