सीलिंग हाउस स्कूल में सातवीं CISCE ऑल इंडिया शतरंज चैंपियनशिप शुरू

 

 

  • 15 राज्यों और यूएई की टीमों के 430 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
  • छह आयु वर्गों में हो रहे मुकाबले, 215 रेटेड खिलाड़ी भी मैदान में; प्रत्येक वर्ग के शीर्ष पांच खिलाड़ी SGFI में करेंगे CISCE का प्रतिनिधित्व

 

कानपुर, 10 अक्टूबर।

तिलक नगर स्थित सीलिंग हाउस स्कूल में सातवीं CISCE ऑल इंडिया शतरंज चैंपियनशिप-2026 (All India Chess Championship) का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 9 से 11 अक्टूबर तक सभी ग्रुप के कुल नौ राउंड के मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ ओवरसीज टीम के रूप में यूएई के कुल 430 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

छह आयु वर्गों में हो रही प्रतियोगिता

चैंपियनशिप में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक ग्रुप में करीब 70 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गोवा, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नॉर्थ बंगाल, नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ इंडिया, नॉर्थ वेस्ट, ओडिशा, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, अंडमान निकोबार और उत्तराखंड की टीमें भाग ले रही हैं।

215 रेटेड खिलाड़ी, कई दिग्गज भी आकर्षण का केंद्र

प्रतियोगिता में कुल 215 रेटेड खिलाड़ी (Rated Players) हिस्सा ले रहे हैं। इनमें कर्नाटक की वूमेन कैंडिडेट मास्टर आद्या, जबकि महाराष्ट्र के कैंडिडेट मास्टर अलौकिक सिंह और पश्चिम बंगाल के सोहन राय आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

स्कूल की प्रधानाचार्य वनिता मेहरोत्रा ने बताया कि प्रत्येक ग्रुप से चयनित शीर्ष पांच खिलाड़ी School Games Federation of India (SGFI) में CISCE का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पांच राउंड के बाद अंडर-14 में आरोहन और माहू आगे

पांच राउंड के बाद अंडर-14 बालक वर्ग में पश्चिम बंगाल के आरोहन डे पांच अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। नॉर्थ वेस्ट के कियान कावलकर कुमार पटेल 4.2 अंकों के साथ आगे चल रहे हैं। चार अंक हासिल करने वालों में आंध्र प्रदेश-तेलंगाना के अक्षत कुमार, तमिलनाडु-पांडिचेरी के जेसन जुबजेलिन, कर्नाटक-गोवा के समर्थ एन नायडू, केरल के एरिक सानिश, पश्चिम बंगाल के एनिरबन साहू और स्पंदन देबनाथ शामिल हैं।

अंडर-14 बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की माहू विग्नेश पांच अंकों के साथ आगे हैं, जबकि महाराष्ट्र की अश्विनी अग्रवाल 4.5 अंक पर हैं। चार अंकों पर कर्नाटक की लेह आर जोसफ, आध्या रंगनाथ, बिहार की मोनाली विश्वास, पश्चिम बंगाल की अद्वितीया और तमिलनाडु की अलागू सुदीक्षा हैं।

अंडर-17 में कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के खिलाड़ी मजबूत स्थिति में

अंडर-17 बालक वर्ग में कर्नाटक के युवानेश ए और पश्चिम बंगाल के सोहन रे 4.5 अंकों के साथ आगे हैं। चार अंकों पर केरल के श्रीहरि, कर्नाटक के गुहान एनएच, महाराष्ट्र के शौर्य स्वप्निल व अलौकिक सिन्हा, नॉर्थ ईस्ट के परमबराता सरकार, तमिलनाडु के आरएच रेवलिन राम, उत्तराखंड के स्पर्श बिस्ट और उत्तर प्रदेश के मोहम्मद हसनैन हैं।

बालिका वर्ग में कर्नाटक की स्तुति प्रदीप पांच अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। पश्चिम बंगाल की भूमिका बल 4.5 अंक पर हैं। चार अंक हासिल करने वालों में आंध्र प्रदेश की नानामऊ हिमिशा और ककारा इषा, महाराष्ट्र की प्रिषा केसवानी और महाती रामकुमार, पश्चिम बंगाल की आंत्रेयी दास, कर्नाटक की जानावी एमएस तथा केरल की रिजवाना एस शामिल हैं।

अंडर-19 में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला

अंडर-19 बालक वर्ग में तमिलनाडु के मेहुल एसयू और बिहार के देवांजन सिन्हा 4.5 अंकों के साथ आगे चल रहे हैं। चार अंकों पर पश्चिम बंगाल के रुद्राशीस सोम और सप्तांशु मालाकर, महाराष्ट्र के स्पर्श योगेश बत्रा और रोनित राजेश मोटवानी, कर्नाटक के विक्रांत कृष्ण कुमार तथा तमिलनाडु के दीपक जीपी हैं।

बालिका वर्ग में नॉर्थ ईस्ट की विपश्यना उपाध्याय, पश्चिम बंगाल की राहिनी दास और महाराष्ट्र की आर्य श्रीकांत नायक 4.5 अंकों के साथ आगे हैं। चार अंक हासिल करने वालों में नॉर्थ इंडिया की आवलिन कौर व वैष्णवी, केरल की अयाना एच नायर व अक्षरा आजेश, उत्तराखंड की इशिता मलहान और नॉर्थ वेस्ट की रिया बनकेर शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर की निगरानी में मुकाबले

प्रतियोगिता में AICF (All India Chess Federation) के वाइस प्रेसिडेंट एवं इंटरनेशनल आर्बिटर श्री एक रायजादा आर्बिटर की भूमिका निभा रहे हैं। आनंद सिंह डिप्टी चीफ आर्बिटर हैं। इस अवसर पर स्कूल के क्रीड़ा अध्यापक अनिल कुमार शर्मा, विनोद गुप्ता और हरीश रस्तोगी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के शेष मुकाबले और फाइनल राउंड 11 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

 

Leave a Comment