- पॉन मास्टर्स दूसरे और चेकमेट किंग्स तीसरे स्थान पर रहे
- सात टीमों के बीच दो दिन तक चले रोमांचक मुकाबले, पांचों बोर्ड पर खिलाड़ियों ने दिखाई शानदार रणनीतिक क्षमता
- अथर्व सोनवानी, लक्ष्य गोयनका, सान्वी पटेल, देवांश और समृद्धि वर्मा बने बेस्ट बोर्ड विनर्स
कानपुर, 5 अक्टूबर।
डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर की ओर से 2 और 3 अक्टूबर को ग्रीन हॉल में पहली वीरेंद्र स्वरूप प्रीमियम चेस लीग-2026 का आयोजन किया गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में सात टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने रोमांचक मुकाबलों में अपनी शतरंज प्रतिभा और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बिशप विजार्ड्स, चेकमेट किंग्स, रूक टाइटन्स, क्वीन लेजेंड्स, नाइट वॉरियर्स, पॉन मास्टर्स और किंग कॉन्करर्स टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रत्येक टीम में अलग-अलग कक्षाओं के पांच खिलाड़ी शामिल रहे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन 2 अक्टूबर को डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर की प्रिंसिपल श्रीमती अनुराधा जैकब ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर रणनीति और एकाग्रता के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
नाइट वॉरियर्स ने जीता टीम चैंपियनशिप का खिताब
दो दिनों तक चले कड़े मुकाबलों के बाद नाइट वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। पॉन मास्टर्स ने दूसरा और चेकमेट किंग्स ने तीसरा स्थान हासिल किया।
चैंपियन टीम नाइट वॉरियर्स में कप्तान दक्ष सुराना के साथ वकुल मित्तल, सान्वी पटेल, सजल चतुर्वेदी और समृद्धि वर्मा शामिल रहे।
पांचों बोर्ड पर खिलाड़ियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर पांचों बोर्ड के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। पहले बोर्ड पर अथर्व सोनवानी, दूसरे बोर्ड पर लक्ष्य गोयनका, तीसरे बोर्ड पर सान्वी पटेल, चौथे बोर्ड पर देवांश और पांचवें बोर्ड पर समृद्धि वर्मा ने बेस्ट बोर्ड विनर का खिताब हासिल किया।
शर्मिला नंदी ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
3 अक्टूबर को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में डॉ. वीरेंद्र स्वरूप ग्रुप की डायरेक्टर श्रीमती शर्मिला नंदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने युवा खिलाड़ियों की रणनीतिक समझ और खेल के प्रति उत्साह की सराहना करते हुए आयोजन समिति के प्रयासों को भी सराहा।
उन्होंने खिलाड़ियों को शतरंज में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर VSEC किदवई नगर की प्रिंसिपल श्रीमती अनुराधा जैकब, VSEC अवधपुरी की प्रिंसिपल श्रीमती नेलाक्षी बेरा, VSEC श्याम नगर की प्रिंसिपल श्रीमती पांडे, VSEC किदवई नगर की वाइस प्रिंसिपल श्रीमती नंदिता माली तथा शतरंज कोच श्री आलोक गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।