- कुशाग्र मिश्र अध्यक्ष, गोपाल शाही सचिव और आनंद सिंह उपाध्यक्ष निर्वाचित
कानपुर/वाराणसी, 6 सितंबर।
बॉक्सिंग डेवलपमेंट कमेटी वाराणसी की साधारण सभा की बैठक रविवार को आयोजित हुई। बैठक में समिति के विकास, खिलाड़ियों के हित और वाराणसी में बॉक्सिंग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

कुशाग्र मिश्र को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
चुनाव में कुशाग्र मिश्र को अध्यक्ष, गोपाल शाही को सचिव, आनंद सिंह को उपाध्यक्ष और अंशिका यादव को संयुक्त सचिव निर्वाचित किया गया। इसके अलावा समिति के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों का भी चयन किया गया।
साधारण सभा की अध्यक्षता श्री श्री 1008 डॉ. सचिन्द्र नाथ जी महाराज ने की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्षशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने नई कार्यकारिणी को खिलाड़ियों के हित में कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
बॉक्सिंग के विस्तार पर बनी रणनीति
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव उपेंद्र पांडेय के मार्गदर्शन में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए वाराणसी में बॉक्सिंग के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में वाराणसी में Boxing Tournament, U.P. Inter-School Boxing Championship और समय-समय पर Referee & Judge (RJ) Examination आयोजित कराने पर विचार किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुशाग्र मिश्र ने सदस्यों और उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समिति वाराणसी के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी बॉक्सिंग प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें उचित प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के सहयोग से वाराणसी को बॉक्सिंग के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
बैठक में पूर्व नॉकआउट बॉक्सर महंत राकेश पांडेय, संतोष, राकेश, अरविंद, जय, वीरू, राजू सहित समिति के अनेक सदस्य और खेलप्रेमी मौजूद रहे।