राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग में कानपुर का जलवा, पुरुष टीम बनी ओवरऑल उपविजेता

 

 

  • महिला टीम ने भी हासिल किया तीसरा स्थान, कानपुर के खिलाड़ियों ने जीते 13 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक
  • शिवानी वर्मा को स्ट्रांग वूमेन, मनीष को स्ट्रांग मैन और उर्वशी चंद्रा को मिला बेस्ट लिफ्टर का पुरस्कार

 

कानपुर/बरेली, 11 अगस्त।

बरेली में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग एवं ओपन बेंच प्रेस चैंपियनशिप-2026 में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में कानपुर की पुरुष पावरलिफ्टिंग टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप में दूसरा स्थान, जबकि महिला टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

कानपुर के खाते में 22 पदक

प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में आनंद कुमार, आलोक चौरसिया, राकेश शर्मा, वैभव प्रताप सिंह, तरुण वर्मा, शिवा सिंह, मनीष, विराट बाजपेई, अनमोल पांडे, सुप्रिया, उर्वशी चंद्रा, शिवानी वर्मा और प्राची ठाकुर शामिल रहे।

रजत पदक विजेताओं में प्रिंस कुमार गुप्ता, आयुष, गौरव, विवेक सिंह राठौड़, रामजी राजपूत, कृष्णा शर्मा और हिमांशु निगम ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं अश्वनी कुमार त्रिपाठी और आर्यन ने कांस्य पदक हासिल किया।

शिवानी, मनीष और उर्वशी को विशेष सम्मान

कानपुर के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन में व्यक्तिगत पुरस्कारों ने भी चार चांद लगाए। सब-जूनियर वर्ग में शिवानी वर्मा को ‘स्ट्रांग वूमेन’, जूनियर वर्ग में मनीष को ‘स्ट्रांग मैन’ तथा उर्वशी चंद्रा को ‘बेस्ट लिफ्टर’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मेहनत और अनुशासन का परिणाम

कानपुर के खिलाड़ियों की इस सफलता पर उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव राहुल शुक्ला, राजेश दीक्षित, मनीष मिश्रा, अनिल कुशवाहा और कोच सौरभ कुमार सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव सौरभ गौर एवं संरक्षक विवेक मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और एकजुट टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कानपुर के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएंगे।

कानपुर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment