- हेड बॉय राघवेंद्र नारायण सिंह और हेड गर्ल श्रुति प्रजापति समेत विभिन्न हाउस के पदाधिकारियों ने ली जिम्मेदारी, प्रधानाचार्या ने दिलाई कर्तव्य एवं अनुशासन की शपथ
कानपुर, 8 जुलाई।
एनएलके पब्लिक स्कूल के सभागार में छात्र परिषद का भव्य अलंकरण समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को बैज प्रदान कर उनके दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पल्लवी चंद्रा ने छात्र परिषद के सदस्यों को बैज पहनाकर उनके नए दायित्वों की शुरुआत कराई। उन्होंने विद्यार्थियों को निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया।
हेड बॉय और हेड गर्ल ने संभाली कमान
समारोह में हेड बॉय राघवेंद्र नारायण सिंह और हेड गर्ल श्रुति प्रजापति ने अपनी जिम्मेदारी ग्रहण की। इसके साथ ही विद्यालय के विभिन्न हाउस के कैप्टन और वाइस कैप्टन को भी उनके पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
रेड हाउस में कैप्टन गर्विता जायसवाल और वाइस कैप्टन अंश कुमार नियुक्त किए गए।
ब्लू हाउस की कमान कैप्टन जिज्ञासा द्विवेदी और वाइस कैप्टन दक्षिता साहू ने संभाली।
ग्रीन हाउस की कैप्टन अनुष्का और वाइस कैप्टन विहान पांडेय बनाए गए।
येलो हाउस की जिम्मेदारी कैप्टन नित्या निषाद और वाइस कैप्टन आकाश गुप्ता को सौंपी गई।
वहीं स्पोर्ट्स कैप्टन का दायित्व सोम गुप्ता ने संभाला।
‘नेतृत्व केवल पद नहीं, जिम्मेदारी है’
प्रधानाचार्या पल्लवी चंद्रा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद हासिल करने का नाम नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी, अनुशासन और दूसरों के लिए प्रेरणा बनने का अवसर है। उन्होंने छात्र परिषद के सदस्यों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में उप-प्रधानाचार्या नेहा मेहरोत्रा, विद्यालय समन्वयक यशी दीक्षित, काजल मिश्रा एवं ज्योति पांडेय, स्कूल एडमिन आनंद कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अलंकरण समारोह ने विद्यार्थियों में Leadership, Confidence, Discipline, Responsibility और Teamwork की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें भविष्य में बेहतर नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया।