सीबीएसई क्लस्टर-4 टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज, 45 से अधिक स्कूलों के खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

 

 

  • सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर में तीन दिवसीय प्रतियोगिता शुरू, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने खेलों को बताया व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम

 

कानपुर, 7 अगस्त।

सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर में शुक्रवार को सीबीएसई क्लस्टर-4 टेबल टेनिस चैंपियनशिप (बालक एवं बालिका)-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 7 से 9 अगस्त तक चलने वाली इस तीन दिवसीय अंतर-विद्यालयीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 45 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खेल भावना, अनुशासन और समग्र व्यक्तित्व विकास का संदेश दिया गया।

पहले दिन के मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन

अंडर-14 बालिका वर्ग

द चिंतल्स स्कूल, कल्याणपुर ने सेंट मैरी स्कूल, इटावा को 3-0 से हराया।

दिबियापुर ने जेबी एकेडमी, अयोध्या को 3-1 से मात दी।

डीपीएस बर्रा ने एलपीएस, उन्नाव को 3-0 से पराजित किया।

एसएसडीसी, कानपुर ने यश विद्या मंदिर, अयोध्या को 3-0 से हराया।

अंडर-14 बालक वर्ग

एलपीएस, एलडीए कॉलोनी, लखनऊ ने सेंट मैरी, इटावा को 3-0 से हराया।

जेबी अकैडमी, अयोध्या ने डीपीएस, एलडीए कॉलोनी, लखनऊ को 3-1 से मात दी।

सीएमपी यूपी सैनिक स्कूल, लखनऊ ने सनबीम, अयोध्या को 3-1 से हराया।

डीपीएस बर्रा ने डीपीएस, इटावा को 3-0 से शिकस्त दी।

अंडर-17 बालिका वर्ग

नवयुग रेडियंस, लखनऊ ने ऐलन हाउस, खलासी लाइन, कानपुर को 3-0 से हराया।

सेंट मैरी कॉलेज, इटावा ने डीपीएस, आजाद नगर, कानपुर को 3-2 से पराजित किया।

एलपीएस, उन्नाव ने जय नारायण विद्यालय, कानपुर को 3-0 से हराया।

दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और एथलीट्स शपथ के साथ हुआ शुभारंभ

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक, कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव संजय टंडन तथा सीबीएसई पर्यवेक्षक विवेक कुमार ओझा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत गीत, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति, सीबीएसई ध्वजारोहण तथा खिलाड़ियों की शपथ के साथ हुआ।

आईक्यू, ईक्यू और डीक्यू के संतुलन पर दिया जोर

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्म-विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास की यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए आईक्यू (बौद्धिक क्षमता), ईक्यू (भावनात्मक समझ) और डीक्यू (डिजिटल समझ) का संतुलित विकास आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल माध्यमों पर सकारात्मक और उपयोगी सामग्री अपनाने की भी अपील की।

खेल व्यक्तित्व निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम : संजीव पाठक

उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और निरंतर बेहतर बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूर्ण खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

जीत-हार से आगे सीखने का अवसर है प्रतियोगिता : प्रधानाचार्या

विद्यालय की प्रधानाचार्या भावना गुप्ता ने कहा कि यह चैंपियनशिप विद्यार्थियों के लिए जीत-हार से आगे बढ़कर चुनौतियों का सामना करने, निरंतर प्रयास करने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर है। उन्होंने सीबीएसई का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Comment