- तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग में देशभर से आए पदाधिकारियों व प्रशिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण
- क्रीड़ा केन्द्र संचालन, सूर्य नमस्कार, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में खेलों की भूमिका पर हुआ मंथन
कानपुर, 2 अगस्त।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में क्रीड़ा भारती, कानपुर प्रांत के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय क्रीड़ा केन्द्र एवं सूर्य नमस्कार राष्ट्रीय अभ्यास वर्ग का रविवार को समापन होगा। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष अंगद सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय अभ्यास वर्ग में देश के विभिन्न प्रांतों से आए पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को क्रीड़ा केन्द्र संचालन, सूर्य नमस्कार, संगठनात्मक कार्य, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में खेलों की भूमिका जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न व्यावहारिक और बौद्धिक सत्रों में प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम संयोजक आशा ने बताया कि राष्ट्रीय अभ्यास वर्ग का उद्देश्य खेलों के माध्यम से चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता, अनुशासन और राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करना है। समापन समारोह में प्रतिभागी अपने प्रशिक्षण के अनुभव साझा करेंगे। साथ ही देशभर में क्रीड़ा केन्द्रों की स्थापना एवं संचालन तथा सूर्य नमस्कार अभियान के विस्तार को लेकर भावी कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा।
आशा ने आयोजन में सहयोग के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर डॉ. रजत आदित्य दीक्षित, शैल शुक्ला, आदित्य शुक्ला, सर्वेश शुक्ला, नितेश सचान, शारदा शुक्ला, डॉ. सविता मिश्रा, डॉ. सुलोचना दीक्षित, सविता सिंह, डॉ. ओजस्व गुप्ता, राखी, द्विजेंद्र भूषण द्विवेदी, अंजलि, साधना और सुचिता समेत अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।