उत्तर प्रदेश अंडर-14 टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में कानपुर का दबदबा

 

 

 

 

  • आठ होनहार खिलाड़ियों का चयन, सितंबर में गोवा में होने वाली मिनी नेशनल चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम
  • चयन से शहर के खेल जगत में खुशी, खिलाड़ियों से राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

 

कानपुर, 30 जुलाई।

कानपुर टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। चयन ट्रायल के बाद कानपुर के आठ खिलाड़ियों का उत्तर प्रदेश अंडर-14 टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। ये सभी खिलाड़ी आगामी 11वीं मिनी नेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026-27 में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कानपुर टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन, जो उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध है, द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया के बाद अथर्व अवस्थी, तेजस ठाकुर, आर्यन पटेल, हितेश अहूजा, नमन पाठक, मानस शर्मा, वंश चतुर्वेदी और हनी सोनकर को राज्य टीम के लिए चुना गया है। खिलाड़ियों के चयन से शहर के खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत में उत्साह का माहौल है।

7 से 9 सितंबर तक गोवा में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता

उत्तर प्रदेश की टीम 7 से 9 सितंबर 2026 तक मडगांव (गोवा) में आयोजित होने वाली 11वीं मिनी नेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता का आयोजन टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में किया जाएगा, जिसमें देशभर की राज्य टीमें प्रतिभाग करेंगी।

बेहतर प्रदर्शन की जताई उम्मीद

कानपुर टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तुषार अग्रवाल ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश और कानपुर का नाम रोशन करेंगे।

वहीं, उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव रामेंद्र सिंह ने भी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बताया कि जल्द ही उत्तर प्रदेश की अंतिम टीम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

 

 

Leave a Comment