एशियन यूथ शतरंज चैंपियनशिप में भारतीय टीम का जलवा, भारतीय युवा खिलाड़ियों ने जीते 20 पदक

 

 

  • कानपुर के कोच दिनेश शर्मा की अगुवाई में चीन के शेनझेन में ऐतिहासिक प्रदर्शन, 30 देशों के बीच भारत ने मनवाया प्रतिभा का लोहा

 

कानपुर, 29 जुलाई।

चीन के शेनझेन में आयोजित 28वीं एशियन यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 में भारतीय युवा शतरंज खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 20 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में कानपुर के अंतरराष्ट्रीय मास्टर (आईएम) दिनेश कुमार शर्मा की अहम भूमिका रही, जिन्होंने मुख्य कोच के रूप में टीम का नेतृत्व किया।

30 देशों के बीच भारत का शानदार प्रदर्शन

16 से 24 जुलाई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 30 देशों के 893 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भारतीय दल के 40 खिलाड़ियों ने स्टैंडर्ड, रैपिड और ब्लिट्ज वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 20 पदक अपने नाम किए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

मैत्रेयी ने रचा इतिहास

भारतीय टीम की प्रतिभाशाली खिलाड़ी मैत्रेयी ने स्टैंडर्ड, रैपिड और ब्लिट्ज तीनों प्रारूपों में पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। उनके शानदार प्रदर्शन ने भारतीय अभियान को नई ऊंचाई दी।

कानपुर के दिनेश शर्मा की कोचिंग का दिखा असर

उत्तर प्रदेश के पहले अंतरराष्ट्रीय मास्टर दिनेश कुमार शर्मा ने मुख्य कोच के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। उनकी रणनीति और प्रशिक्षण का असर पूरे टूर्नामेंट में देखने को मिला, जिसके दम पर भारतीय टीम ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की।

‘देश के लिए गर्व का क्षण’

भारतीय टीम के मुख्य कोच दिनेश शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, “भारतीय खिलाड़ियों ने चीन की धरती पर उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और कौशल का परिचय देते हुए देश का नाम रोशन किया है। भविष्य में भी हमारे युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर इसी तरह सफलता हासिल करेंगे।”

Leave a Comment