आईआईटी कानपुर में 8-9 अगस्त को होगी निःशुल्क जिला एथलेटिक्स मीट-2026, 5 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

 

 

  • मेडल और प्रमाण-पत्र जीतने का मौका, एंट्री पूरी तरह निःशुल्क
  • अंडर-16, अंडर-20 और महिला-पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं  

 

कानपुर, 29 जुलाई।

खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आईआईटी कानपुर एवं जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में 8 एवं 9 अगस्त 2026 को निःशुल्क जिला एथलेटिक्स मीट-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता आईआईटी कानपुर के मुख्य खेल मैदान पर होगी, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को 5 अगस्त 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक केवल ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

तीन आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता

मीट में अंडर-16 (बालक/बालिका), अंडर-20 (बालक/बालिका) तथा महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। आयु का निर्धारण निर्धारित तिथियों के अनुसार किया जाएगा। अंडर-16 वर्ग में 1 जनवरी 2011 से 31 अगस्त 2012 के बीच जन्मे, अंडर-20 में 1 जनवरी 2008 से 31 अगस्त 2010 के बीच जन्मे तथा महिला एवं पुरुष वर्ग में 1 जनवरी 2007 या उससे पहले जन्मे खिलाड़ी पात्र होंगे।

दौड़, कूद और थ्रो की कई स्पर्धाएं

प्रतियोगिता में 100, 200, 400, 800, 1000, 1500, 3000 और 5000 मीटर दौड़ के अलावा हर्डल्स एवं 4×100 मीटर रिले का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही लंबी कूद, ऊंची कूद, ट्रिपल जंप, पोल वॉल्ट तथा शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और हैमर थ्रो जैसी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।

मूल दस्तावेज़ साथ लाना होगा अनिवार्य

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आयु प्रमाण-पत्र की मूल प्रति एवं एक छायाप्रति के साथ आधार कार्ड की मूल प्रति भी लानी होगी। सभी खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर पहुंचकर पंजीकरण और दस्तावेज़ सत्यापन कराना अनिवार्य रहेगा।

AFI के नियमों के अनुसार होगा आयोजन

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. नरेश चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) के नियमों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस जिला एथलेटिक्स मीट का आयोजन पूरी तरह आईआईटी कानपुर के छात्रों के सहयोग से कराया जाएगा।

पंजीकरण के लिए स्कैन करें 👇

 

Leave a Comment