- हर सहाय जगदम्बा सहाय इंटर कॉलेज में सुबह 10 बजे होगा चयन ट्रायल, प्रदेशभर से जुटेंगे खिलाड़ी
कानपुर, 11 जुलाई।
कानपुर जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग-2026 के दूसरे चरण का ट्रायल रविवार, 12 जुलाई को प्रातः 10 बजे हर सहाय जगदम्बा सहाय इंटर कॉलेज, पी. रोड, कानपुर में आयोजित किया जाएगा। ट्रायल में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पंजीकृत खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही कानपुर मंडल के वे खिलाड़ी भी चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे, जो किसी कारणवश पहले चरण के ट्रायल में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और प्रोफेशनल खिलाड़ी बढ़ाएंगे रोमांच
आयोजन सचिव रोहित सोनकर ने बताया कि इस बार ट्रायल का आकर्षण भारतीय खो-खो टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी, अल्टीमेट खो-खो लीग में खेल चुके प्रोफेशनल खिलाड़ी तथा उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत खो-खो खिलाड़ी होंगे। इनके शामिल होने से ट्रायल का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है।
पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर रहेगा जोर
ट्रायल का संचालन संघ के संरक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, तकनीकी बोर्ड चेयरमैन महेश चन्द्र झा तथा चयन समिति चेयरमैन शिवलाल यादव की देखरेख में किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लीग में खेलने का अवसर मिल सके।
समय से पहुंचने की अपील
आयोजन सचिव रोहित सोनकर ने सभी पंजीकृत खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर ट्रायल स्थल पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।
Kanpur Kho Kho Premier League 2026, Second Phase Trial, Kho Kho, Kanpur District Kho Kho Association, Rohit Sonkar, Ultimate Kho Kho League, Indian Kho Kho Team, Uttar Pradesh Players, Selection Trial, Har Sahay Jagdamba Sahay Inter College, Sports News Kanpur, Uttar Pradesh Sports.